देश की सबसे बड़ी दूध उत्पादक अमूल इंडिया जल्द ही दूध के दामों में इजाफा करने जा रही है। कंपनी सूत्रों के अनुसार अमूल दूध के सभी वैरिएंट्स में दो रुपए प्रति किलो की दर से बढ़ोतरी करने जा रही है। यह बढ़ोतरी देश में सबसे पहले दिल्ली से की जाएगी।
दिल्ली में शनिवार से हर वैरिएंट्स का दूध प्रति किलो दो रुपए महंगा मिलेगा। वहीं गुजरात में ये बढ़ोतरी रविवार से की जाएगी। गुजरात को-ऑप्रेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के एमडी आरएस सोदी ने कहा है कि हम दिल्ली के बाजार में मई 2014 के बाद बढ़ोतरी कर रहे हैं। ये करीब 25 महीनों पहले की गयी थी। जबकि गुजरात में ये बढ़ोतरी जून 2015 में की गयी थी।
गौरतलब है अमूल छह तरह के वैरिएंट्स अमूल गोल्ड, अमूल शक्ति, अमूल ताजा, अमूल स्लिम एंड ट्रिम, अमूल टी स्पेशल और अमूल काऊ मिल्क में दूध मुहैया कराता है। वर्ष 2006 के बाद गुजरात में यह बढ़ोतरी 21वीं बार की जा रही है।
सोदी का कहना है कि प्रोडक्शन कॉस्ट में बढ़ोतरी के कारण दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। साथ ही किसानों को दी जाने वाली राशि और चारे में बीस-बीस फीसद का इजाफा हो गया है। सोदी ने बताया कि कोलकाता, यूपी, मुंबई समेत अन्य बाजारों में बढ़ोतरी अगले आठ से दस दिन में कर दी जाएगी।