30 सितंबर को नवरात्रों के दूसरे दिन भारतीय रेलवे की सबसे बड़ी कंपनी आईआरसीटीसी ( इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ) का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम ( आईपीओ ) खुल गया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए बाजार से 645 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। कंपनी ने इसके लिए 315 से 320 रुपये का प्राइस बैंड तय कर दिया है। शाम पांच बजे तक इस आईपीओ को 81 फीसदी लोगों ने सब्सक्राइब कर लिया था। कुल दो करोड़ से अधिक शेयरों में से 1.32 करोड़ शेयरों के लिए बोली लग चुकी है। ग्रे मार्केट में इस बार यह आईपीओ 50 फीसदी ज्यादा मूल्य पर बेचा जा रहा है।
ड्राफ्ट के मुताबिक, कंपनी 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले दो करोड़ एक लाख 60 हजार शेयरों को जारी किया है। कुल शेयरों में से 50 फीसदी शेयर क्वालिफाइड इन्स्टिट्यूश्नल बायर्स ( QIB ) के लिए होंगे। वहीं 15 फीसदी शेयर नॉन-इन्स्टिट्यूश्नल इन्वेस्टर कैटेगरी ( HNI ) के लिए होंगे और 35 फीसदी शेयर रिटेल कैटेगरी के लिए होंगे।
आईआरसीटीसी का आईपीओ खुलने के पहले दिन सोमवार को शुरुआती कारोबारी घंटो में ही 33 फीसदी सब्सक्राइब हो गया था। शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार दोपहर एक बजे तक 67 लाख से अधिक शेयर के लिए बोलियां मिली हैं। कंपनी ने 645 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ के तहत दो करोड़ से अधिक शेयर जारी किए हैं।
आईपीओ तीन देन के लिए यानी तीन अक्तूबर तक खुला है। दो अक्तूबर को गांधी जयंती के मौके पर बाजार बंद रहेगा। इसकी शेयर बाजार में लिस्टिंग 14 अक्तूबर को होगी। इस आईपीओ के लीड मैनेजर आईडीबीआई कैपिटल मार्केट एंड सिक्योरिटीज, एसबीआई कैपिटल मार्केट और यस सिक्योरिटीज हैं।
एक लॉट 40 इक्विटी शेयरों का है। न्यूनतम बोली 40 इक्विटी शेयरों के लिए होगी। रिटेल निवेशक अधिकतम 16 लॉट खरीद सकते हैं। कंपनी ने 315 से 320 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी ने खुदरा श्रेणी के निवेशकों और पात्र कर्मचारियों के लिए आधार मूल्य पर प्रति शेयर 10 रुपये की छूट की पेशकश की है। यानी छूट के बाद आईआरसीटीसी आईपीओ का दाम 305 से 310 रुपये होगा।
ड्राफ्ट रेड हैरिंग प्रोस्पेक्टस के अनुसार आईआरसीटीसी अकेली ऐसी कंपनी है, जिसे भारतीय रेलवे ने कैटरिंग सेवा, ऑनलाइन टिकट बुकिंग और बोतलबंद पानी की सप्लाई के लिए अधिकृत किया हुआ है। आईआरसीटीसी अपने शेयरों को बीएसई और एनएसई पर लिस्टेड करेगी।
वित्त वर्ष 2018-19 में कंपनी का कुल राजस्व 1,956.66 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 272.60 करोड़ रुपये रहा था। उसके ऊपर कोई कर्ज नहीं है। कंपनी की शेयर पूंजी 160 करोड़ रुपये और नेट वर्थ 1,042.84 करोड़ रुपये है।
आईआरसीटीसी में फिलहाल रेलवे की पूर्ण हिस्सेदारी है। आईपीओ लाने से रेलवे इस कंपनी में अपनी हिस्सेदारी को कम कर देगी। केंद्र सरकार भी सभी पीएसयू कंपनियों में हिस्सेदारी धीरे-धीरे कम कर रही है।