दिनभर के कारोबार के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 155.24 अंकों की गिरावट के बाद 38,667.33 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 37.90 अंकों की गिरावट के बाद 11,474.50 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो सोमवार को इंडसइंड बैंक, एसबीआई, जी एंटरटेनमेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीं बढ़त वाले दिग्गज शेयरों की बात करें, तो इनमें भारती एयरटेल, यूपीएल, एचसीएल टेक, इंफोसिस और आईटीसी के शेयर शामिल हैं।
इंट्राडे कारोबार में 38.5 फीसदी नीचे लुढ़का इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस
इंट्राडे कारोबार में बीएसई पर इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस के शेयरों ने 38.5 फीसदी गिरावट के साथ 240.10 रुपये का निचला स्तर छू लिया। यह कंपनी के शेयरों की अब तक की सबसे बड़ी एक दिनी गिरावट है। इस स्तर पर आखिरी बार कंपनी के शेयर चार जुलाई 2014 को थे, जब ये 242.95 रुपये पर बंद हुए थे। दोपहर करीब दो बजे कंपनी के शेयर 33.48 फीसदी गिरावट के साथ 259.05 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को कंपनी के शेयर 389.45 रुपये पर बंद हुए थे। इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस के शेयरों में सोमवार को अब तक की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वहीं लक्ष्मी विलास बैंक पर प्रॉम्प्ट करेक्टिव एक्शन (पीसीए) के तहत आरबीआई की ओर से प्रतिबंध लगाए जाने के कारण इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में गिरावट को और बल मिला। लक्ष्मी विलास बैंक और इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस विलय की योजना पर काम कर रहे हैं।
डीएचएफएल के शेयर में गिरावट
ऋण के बोझ से दबी आवास वित्त क्षेत्र की कंपनी डीएचएफएल के शेयर में 3.55 अंक यानी 8.40 फीसदी की गिरावट आई, जिसके बाद ये 38.70 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में डीएचएफएल का शेयर 43.15 के स्तर पर खुला था। डीएचएफएल का वित्तीय संकट पिछले साल के अंत में आईएलएफएस के दिवालिया होने के बाद सामने आया।
यस बैंक के शेयर में भी आई गिरावट
सोमवार को यस बैंक के शेयर में सात अंक यानी 14.36 फीसदी की गिरावट आई, जिसके बाद ये 41.75 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यस बैंक का शेयर 48.25 के स्तर पर खुला था।
टूटा रिलायंस कैपिटल का शेयर
एडीएजी ग्रुप कंपनी रिलायंस कैपिटल का शेयर भी सोमवार को गिरा। इसमें 3.50 अंक यानी 12.52 फीसदी की गिरावट आई, जिसके बाद ये 24.45 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में ये 28.30 के स्तर पर खुला था।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आईटी, इंफ्रा, एनर्जी और एफएमसीजी के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं ऑटो, बैंक, फार्मा और मेटल सोमवार को लाल निशान पर बंद हुए।
38,704.03 के स्तर पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला था। सेंसेक्स 118.54 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट के बाद 38,704.03 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 34.90 अंक यानी 0.30 फीसदी की गिरावट के बाद 11,477.50 के स्तर पर खुला था। इसके बाद सुबह करीब 11:45 बजे सेंसेक्स में 293.80 अंकों की गिरावट आई थी, जिसके बाद ये 38,528.77 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 86.70 अंक यानी 0.75 फीसदी की गिरावट के बाद 11,425.70 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 167.17 अंकों की गिरावट के बाद 38,822.57 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 58.70 अंकों की गिरावट के बाद 11,512.50 के स्तर पर बंद हुआ था।