रेस्टोरेंट श्रृंखला बर्गर किंग का आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) दो दिसंबर को पूंजी बाजार में आएगा और कंपनी के आईपीओ के तहत शेयरों की बोली लगाने के लिए कीमत का दायरा 59-60 रुपये प्रति शेयर है।
810 करोड़ रुपये जुटाएगी कंपनी
कंपनी ने निवेश जुटाने के लिए एक आभासी सम्मेलन में कहा कि प्रस्तावित आईपीओ के तहत अमेरिका स्थित बर्गर किंग की भारतीय सहायक कंपनी 810 करोड़ रुपये जुटाएगी। इसमें 450 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे।
राइट्स इश्यू से जुटाए 58.08 करोड़ रुपये
कंपनी ने बताया कि उसकी प्रवर्तक इकाई क्यूएसआर एशिया छह करोड़ शेयर तक बेचेगी, जो करीब 360 करोड़ रुपये मूल्य के होंगे। कंपनी ने आईपीओ से पूर्व नियोजन के तहत राइट्स इश्यू के जरिए 58.08 करोड़ रुपये और तरजीही आवंटन के जरिए 91.92 करोड़ रुपये जुटाए।
इसके लिए होगा धन का इस्तेमाल
इस संदर्भ में बर्गर किंग इंडिया के सीईओ और बोर्ड सदस्य राजीव वर्मा ने बताया कि इस तरह नए शेयरों का निर्गम 600 करोड़ रुपये से घटकर 450 करोड़ रुपये का रह गया। कंपनी ने बताया कि आईपीओ के जरिए जुटाए गए धन का इस्तेमाल मुख्य रूप से पूरे देश में कंपनी के स्वामित्व वाले स्टोर का विस्तार करने और कर्ज चुकाने में किया जाएगा।