महंगाई ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
खाद्य पदार्थों की खुदरा कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सब्जी, चीनी व दाल के भाव में तेजी की वजह से जुलाई माह की खुदरा महंगाई दर बढ़ोतरी के साथ 6.07 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई। वहीं इस अवधि में खाने-पीने की चीजों की खुदरा महंगाई दर 8.35 फीसदी हो गई।
इस साल जून में खुदरा महंगाई दर 5.77 फीसदी तो खाद्य पदार्थों की खुदरा महंगाई दर 7.79 फीसदी थी। पिछले साल जुलाई में खुदरा महंगाई दर 3.69 फीसदी तो खाद्य पदार्थों की खुदरा महंगाई दर 2.15 फीसदी के स्तर पर थी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जुलाई माह में दाल व दाल उत्पाद के खुदरा भाव में 27.53 फीसदी की तेजी रही।
वहीं सब्जियों के खुदरा दाम में 14.06 फीसदी तो चीनी व कनफेक्शनरी की खुदरा कीमत में 21.91 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई माह में मांस-मछली के खुदरा भाव में 6.57 फीसदी, अंडे के दाम में 9.34 फीसदी, दूध व दुग्ध उत्पाद में 4.13 फीसदी का इजाफा रहा।
कपड़ों के खुदरा दाम में 5.37 फीसदी, फुटवियर के दाम में 4.33 फीसदी, फ्यूल व लाइट में 2.75 फीसदी, मनोरंजन में 4.44 फीसदी तो शिक्षा में 5.14 फीसदी की बढ़ोतरी रही।