जुलाई के पहले ही दिन विमान ईंधन एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में वृद्धि की गई है। इसमें 7.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज लगातार दूसरे दिन कोई बदलाव नहीं हुआ।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों के अनुसार दिल्ली में विमान ईंधन की कीमत 2,922.94 रुपये प्रति किलो लीटर (केएल) या 7.48 फीसदी बढ़कर 41,992.81 रुपये प्रति किलो लीटर हो गई है।
यह भी पढ़ें:
जरूरी खबर: आज से बदले गैस सिलिंडर, ATM, PF, बचत खाते, आदि से जुड़े ये 10 नियम
एक माह में तीसरी बार हुई वृद्धि
मालूम हो कि एटीएफ की कीमत में एक महीने में यह तीसरी वृद्धि है। इससे पहले एक जून को 56.6 फीसदी (12,126.75 रुपये प्रति किलो लीटर) की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि 16 जून को 16.3 फीसदी (5,494.5 रुपये प्रति किलो लीटर) की बढ़ोतरी हुई।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
दूसरी ओर देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार दूसरे दिन कोई बदलाव नहीं हुआ है। इससे पहले डीजल की कीमत में तीन हफ्तों के दौरान 22 बार बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद डीजल रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।
यह भी पढ़ें:
आम आदमी को झटका, आज से महंगा हुआ गैस सिलिंडर, जानें कितनी हुई कीमत
प्रमुख महानगरों में इतनी है कीमत
आज दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 80.43 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, डीजल की कीमत 80.53 रुपये प्रति लीटर है। आईओसीएल की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत क्रमश: 82.10, 87.19 और 83.63 रुपये प्रति लीटर है। डीजल की बात करें, तो इन महानगरों में इसका दाम क्रमश: 75.64, 78.83 और 77.72 रुपये है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस द्वारा देशव्यापी विरोध किया गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस महीने के अधिकतर दिन कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का रुख रहा, लेकिन घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ी हैं। पिछले 24 दिनों में डीजल की कीमत में 11.23 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इतने दिनों में पेट्रोल का दाम भी 9.17 रुपये प्रति लीटर चढ़ गया।