एग्रोकेमिकल बनाने वाली कंपनी हेरंबा इंडस्ट्रीज का आईपीओ मंगलवार यानी 23 फरवरी को पहले दिन लगभग 65 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है। वहीं, इसमें खुदरा निवेशकों का हिस्सा पूरी तरह बुक हो चुका है। मालूम हो कि कंपनी आईपीओ के माध्यम से 625 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। कंपनी ने ऑफर में 69.81 लाख शेयर जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि पहले दिन अब तक लगभग 45.33 लाख शेयर के लिए बोली लगाई जा चुकी है।
इसके अलावा गैर-संस्थागत निवेशकों के भाग में 1 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है। जबकि योग्य संस्थागत खरीदार ने अभी तक बीडिंग शुरू नहीं की है। आईपीओ में प्रस्ताव में उन 29.90 लाख शेयर शामिल नहीं किया गया है जिन्हे एंकर निवेशकों ने खरीदा है। 23 फरवरी को आईपीओ खुलने से एक दिन पहले 22 फरवरी को कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स से 187.50 करोड़ रुपए जुटाए हैं।
बता दें कि कंपनी के पब्लिक इश्यू में 60 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 565.2 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल शामिल है। कंपनी इसका इस्तेमाल कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने में करेगी। कंपनी के इश्यू का मूल्य बैंड 626-627 रुपए प्रति शेयर है।
कंपनी का कारोबार
गौरतलब है कि हेरंबा इंडस्ट्रीज गुजरात स्थित कंपनी है जो फसल सुरक्षा के काम आने वाले कीटनाशक,फंगीनाशक और खरपतवारनाशक बनाती है। वित्त वर्ष 2020 में कंपनी ने लैटिन अमेरिका, सीईएस, मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के 60 से ज्यादा देशों को एक्सपोर्ट किया। साथ ही इस कंपनी का भारत में काफी बड़ा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क है जिसमें देश भर के 16 राज्यों और 1 केंद्रशासित क्षेत्र के 9,400 से ज्यादा डीलर जुड़े हुए हैं। देश भर में कंपनी के 21 भंडारण केंद्र भी है।
इस साल का 8वां आईपीओ
यह इस साल का 8वां आईपीओ है। इसके पहले आईआरएफसी, इंडिगो पेंट्स, होम फर्स्ट फाइनेंस, स्टोव क्रॉफ्ट, ब्रुकफील्ड इंडिया रीट, न्यूरेका लिमिटेड और रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का आईपीओ लॉन्च किया जा चुका है। ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज और बाटलीवाला एंड करानी सिक्योरिटीज इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।