सोने के दाम में गिरावट के कारण लोगों का सोना खरीदने के लिए उत्साह बढ़ गया है और आने वाले उत्सवों के लिए लोग सोने के आभूषण खरीदकर रख रहे हैं। ऐसे में ग्राहकों को चौकन्ना कर देने वाली खबर सामने आयी है।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का मानना है कि भारत में बिक रहे सोने के आभूषण हॉलमार्क लगे होने के बावजूद उसमें शुद्धता की कमी है। सफल स्वर्ण मुद्रीकरण के लिए हॉलमार्किंग प्रणाली को सुदृढ़ कराने की जरूरत है।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की 'डेवलपिंग इंडियन हॉलमार्किंग-ए रोडमैप फॉर फ्यूचर ग्रोथ’ को लेकर जारी रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट में मौजूदा भारतीय हॉलमार्किंग सिस्टम्स का गहन मूल्यांकन और सर्वश्रेष्ठ विदेशी प्रणालियों का संक्षिप्त विवरण उपलब्ध कराया गया है। इसमें मौजूदा सिस्टम को मजबूत करने के लिए कई उपाय भी सुझाए गए हैं।