देश के 48 लाख केंद्रीय कर्मचारियों के घर इस बार दो महीने पहले ही दिवाली मनाई जाएगी। आज शाम तक सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत हुई वेतन में बढ़ोतरी के साथ सात महीने का एरियर भी उनकी सैलरी में जुड़कर आएगा। हालांकि इस एरियर से एनपीएस, जीपीएफ और टीडीएस की कटौती की जाएगी।
इस कटौती से सरकार की जेब में 30 हजार करोड़ की बचत होगी। साथ ही करीब 52 लाख पेंशनर्स को भी बढ़ी हुई पेंशन और एरियर्स कल तक देने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा केंद्र करीब 33 लाख इम्पलॉइज को दो साल का बकाया बोनस भी देगा। इस पर कुल 3,840 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
वित्तमंत्री अरुण जेटली ने जानकारी दी है कि 2014-15 और 2015-16 का बोनस उसी क्राइटेरिया पर देंगे। लेकिन आगे से वह सातवें वेतन आयोग के तहत दिया जाएगा। सरकार ने अलाउंसेस में फिलहाल बढ़ोत्तरी नहीं की है। अभी तमाम भत्ते पुरानी रेट पर मिलेंगे। इनमें बढ़ोत्तरी पर कमेटी चर्चा कर रही है। सिफारिश आने में कम से कम तीन महीने लग सकते हैं। गौरतलब है कि सातवां वेतन आयोग एक जनवरी से लागू किया गया है। जिसमें बेसिक सैलरी को 14.2 से 23.4% तक बढ़ाया गया है।