सोमवार को सोने व चांदी की कीमतों में 100 रुपये की मामूली गिरावट देखने को मिली। हालांकि इस गिरावट के बावजूद सोने की कीमतें अभी भी अपने उच्च स्तर पर बनी हुई हैं। सोमवार को भी सोने का दिल्ली सराफा बाजार में भाव 38,500 रुपये के पार रहा। वहीं चांदी की कीमतों में भी 50 रुपये की कमी देखने को मिली।
कमजोर मांग से दिखा कीमतों पर असर
ज्वैलर्स के द्वारा मांग न होने से कीमतों में कमी देखने को मिली। ऑल इंडिया सराफा बाजार एसोसिएशन के मुताबिक कमजोर वैश्विक रूख के चलते भी कीमतों में कमी बनी हुई है।
दिल्ली में यह रहा हाल
दिल्ली की बात करें तो यहां पर 99.9 फीसद शुद्धता वाला सोना 100 रुपये की गिरावट के साथ 38,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना भी 100 रुपये की ही गिरावट के साथ 38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, गिन्नी सोने की कीमत 28,800 रुपये प्रति 8 ग्राम पर स्थिर रही।
चांदी की यह रही कीमत
चांदी की कीमत 45 हजार रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। साप्ताहिक डिलिवरी वाली चांदी में 289 रुपये की गिरावट दर्ज हुई और इसका भाव 43,535 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। उधर चांदी के सिक्कों की लिवाली कीमत 91,000 रुपये प्रति सैकड़ा और बिकवाली कीमत 92,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रही।
वैश्विक बाजार में यह रहा हाल
वैश्विक स्तर की बात करें, तो आज न्यूयॉर्क में सोना गिरावट के साथ 1,499 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। उधर चांदी भी आज गिरावट के साथ 17.00 डॉलर प्रति औंस पर रही है।