राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सोने का दाम 110 रुपये बढ़कर 46,396 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में इसका दाम 46,286 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 324 रुपये की बढ़त आई और यह 66,864 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 66,540 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,783 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 25.94 डॉलर प्रति औंस पर था।
बीते वित्त वर्ष 2.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा सोने का आयात
बीते वित्त वर्ष 2020-21 में सोने का आयात 22.58 फीसदी बढ़कर 34.6 अरब डॉलर या 2.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोने का आयात चालू खाते के घाटे (CAD) को प्रभावित करता है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ा है। वित्त वर्ष के दौरान चांदी का आयात 71 फीसदी घटकर 79.1 करोड़ डॉलर रह गया। इससे पिछले वित्त वर्ष 2019-20 में सोने का आयात 28.23 अरब डॉलर रहा था। सोने के आयात में बढ़ोतरी के बावजूद बीते वित्त वर्ष में देश का व्यापार घाटा कम होकर 98.56 अरब डॉलर रह गया। 2019-20 में यह 161.3 अरब डॉलर रहा था। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्द्धन परिषद (जीजेईपीसी) के चेयरमैन कोलिन शाह ने कहा कि घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ रहा है।
खुदरा आभूषण उद्योग में इस साल 30-35 फीसदी तेजी की उम्मीद है। इंडिया रेटिंग्स ने एक रिपोर्ट में कहा, आर्थिक गतिविधियों के कोरोना पूर्व पर पहुंचने और सोने की कीमतों में नरमी से सुधार को गति मिलेगी। इससे पहले 2020-21 की तीसरी तिमाही में त्योहारी सीजन, शादी-विवाह के कारण मांग बढ़ने और कीमतों में 10 फीसदी गिरावट के कारण सोने की मांग में तेजी देखने को मिली थी। रिपोर्ट के मुताबिक, मांग में वृद्धि की वजह से 2021-22 में आभूषणों की मांग 30-35 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है।