राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को एक बार फिर से 50 हजारी हो गया। आज सोना 77 रुपये की तेजी के साथ 50,037 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। पिछले कारोबार में कीमती पीली धातु 49,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।
चांदी की चमक में इजाफा
सोने के दाम में तेजी के साथ ही दूसरी कीमती धातु चांदी के भाव में भी उछाल आया है और यह 379 रुपये बढ़कर 63,869 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। बता दें कि पिछले कारोबारी दिन में चांदी 63,490 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि राजधानी दिल्ली में सोने के भाव में तेजी कॉमेक्स में सोने की कीमतों में रात भर की तेजी को दर्शाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ 1,896 डॉलर प्रति औंस और चांदी 23.94 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही।