रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस से पहले सराफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। वहीं चांदी में उछाल देखने को मिला। सोने की कीमत 38 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे आ गई। इससे पहले मंगलवार और सोमवार को सोने की कीमत 38 हजार रुपये के पार चली गई थी। वहीं एमसीएक्स में सोना वायदा का भाव भी अक्टूबर के लिए मंगलवार के रिकार्ड भाव 38,666 रुपये से घटकर 37,779 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया।
मंगलवार को विदेशी बाजारों में सोने की कीमतों में तेज गिरावट के बाद आज भाव 1500 डॉलर प्रति औंस पर टिके रहे। हांगकांग में अशांति और वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्थाओं की रफ्तार धीमी पड़ने की आशंका में सोने पर दबाव नजर आया।
लंदन एवं न्यूयॉर्क में मंगलवार को सोना हाजिर 12.10 डॉलर चमककर 1,523.85 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया था जो अप्रैल 2013 के बाद का उच्चतम स्तर था। अक्टूबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 18.50 डॉलर की बढ़त में 1,529.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
सोने की तुलना में चांदी अपने हाल के ऊंचे स्तर 44,584 रुपये की तुलना में 43,146 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी हाजिर 30 रुपये की बढ़त से 44,310 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी। चांदी वायदा 43,230 रुपये प्रति किलोग्राम पर मजबूत रहा। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपये घटकर क्रमश: 88 हजार और 89 हजार रुपये प्रति सैकड़ा रह गया।