सोने और चांदी में आज दूसरे दिन भी मामूली बढ़त देखने को मिली है। सोने में मंगलवार के दिन 122 रुपये की बढ़त देखी, जिसके बाद सोने की कीमत 51,989 प्रति दस ग्राम हो गई है। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 51,867 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था।
इसके अलावा चांदी में भी चमक तेज हुई है, चांदी में 340 रुपये की बढ़त देखने को मिली, अब चांदी का दाम 69,665 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 69,325 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक तपन पटेल ने कहा कि रुपये में दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमतों में 122 रुपये की तेजी देखी गई है, जिसका कारण रुपये में गिरावट रहा।
मंगलवार को रुपये में 25 पैसे की गिरावट दिखी और एक डॉलर के सामने रुपये ने 73 रुपये 63 पैसे पर कारोबार किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मामूली लाभ के साथ 1,930 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था और चांदी भी 26.91 डॉलर प्रति औस पर सपाट कारोबार कर रही थी।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ रिसर्च एनालिस्ट श्रीराम अय्यर का कहना है कि मंगलवार को दोपहर के कारोबार में सोना और चांदी स्थिर रहे। अब बाजार के निवेशकों की नजरें कनाडा बैंक की पॉलिसी बैठक पर रहेगी, ये बैठक बुधवार यानि कल होनी है।