करवाचौथ के त्योहार पर पति अपनी पत्नियों को सोने से बने आभूषण गिफ्ट में दे सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि शनिवार को सोने की कीमतों में जहां गिरावट देखने को मिली, वहीं चांदी के भाव मजबूत हुए। दिल्ली सराफा बाजार में सोने के भाव लगातार दूसरे दिन गिर गए, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना पिछले कुछ दिनों से गिरावट का रुख लिए हुए है।
करवाचौथ पर चमचमाते गहनों की बजाय डल शेड के गहनों की मांग है। गहनों की खरीदारी में मांग टीका, चूड़ियां, कंगन, हंसली, चौडे़ चोकर, लंबा हार, झुमके, मंगलसूत्र, एंटीक ज्वेलरी आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा अमेरिकन डायमंड, बारिक काम वाले गहने भी पसंद किए जा रहे हैं।
32550 पर कीमत
शनिवार को सोने की कीमत दिल्ली में 32550 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। सोना 40 रुपये टूटा। ये ही हाल गिन्नी और बिटुर का रहा। 8 ग्राम गिन्नी 24800 रुपये और सोना बिटुर 32400 रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं, औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का निर्माताओं की मांग बढ़ने चांदी की कीमतों में 100 रुपए की तेजी दर्ज की गई है।
दिल्ली में एक किलोग्राम चांदी की कीमतें 39,500 रुपये से बढ़कर 39,600 रुपये पर पहुंच गई हैं। हालांकि, चांदी हाजिर भाव 100 रुपये की तेजी के साथ 39,600 रुपये प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलिवरी का भाव 50 रुपये गिरकर 38,710 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। चांदी सिक्का लिवाल 75,000 रुपये और बिकवाल 76,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।
बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों में कमजोरी के रुख के अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण कारोबारियों और खुदरा विक्रेताओं की मांग घटने से सोने में नरमी रही। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में सोना नरम पड़कर 1,233.80 डॉलर प्रति औंस रह गया।