फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gold Silver Price: सोना 450 रुपये सस्ता होकर 79,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आया, चांदी 600 रुपये कमजोर पड़ी

Mon, 11 Nov 2024 05:55 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Gold Silver Price: सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 450 रुपये घटकर 79,550 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। चांदी भी सोमवार को 600 रुपए टूटकर 94,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 450 रुपये घटकर 79,550 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को यह पीली धातु 80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

विज्ञापन


चांदी भी सोमवार को 600 रुपए टूटकर 94,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि पिछली बार यह 94,600 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 450 रुपये घटकर 79,150 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। शुक्रवार को यह कीमती धातु 79,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

एमसीएक्स और कॉमेक्स पर भी नरम पड़ा सोना

इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध की कीमत 460 रुपये या 0.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,812 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। कॉमेक्स पर सोने की कीमतें गिरावट के साथ कारोबार कर रही हैं। यह शुक्रवार की क्लोजिंग प्राइस 2,685 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के नीचे आ गई। डॉलर सूचकांक में मजबूती के कारण पीली धातु पर दबाव पड़ रहा है। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट- कमोडिटी और करेंसी, जतीन त्रिवेदी ने कहा, "ट्रंप की चुनावी जीत के बाद अमेरिकी बांड की कीमतों में बढ़ोतरी से बुलियन में सुधार की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल रहा है।"

एक्सचेंज में दिसंबर डिलीवरी चांदी का भाव 63 रुपये यानी 0.07 प्रतिशत बढ़कर 91,332 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स सोना वायदा 17.80 डॉलर प्रति औंस या 0.66 प्रतिशत गिरकर 2,677 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

विज्ञापन


कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च की एवीपी कायनात चैनवाला ने कहा, "पिछले सप्ताह कॉमेक्स पर सोने की कीमतें एक महीने के निचले स्तर 2,650.30 डॉलर प्रति औंस पर आ गईं, क्योंकि ट्रंप की चुनावी जीत और रिपब्लिकन पार्टी की अमेरिकी सीनेट पर नियंत्रण हासिल करने के बाद निवेशकों का रुझान जोखिम वाली संपत्तियों की ओर बढ़ गया।"

फेड की ओर से ब्याज दरों में कटौती के बाद सोने पर बढ़ा दवाब

चैनवाला ने कहा, "फेड की बहुप्रतीक्षित 25-आधार अंकों की ब्याज दर कटौती के बाद सोना कुछ समय के लिए 2,700 डॉलर से ऊपर उछला। हालांकि, मजबूत डॉलर और ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी ने सोने पर दबाव बनाए रखा और यह सप्ताह के अंत में 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,694.80 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।"

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कम आक्रामक कटौती की संभावना, और अमेरिकी बांड पर अधिक प्रतिफल जैसे कई कारणों से सोने में गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ। हालांकि, एशियाई बाजार में कॉमेक्स चांदी वायदा 0.23 प्रतिशत बढ़कर 31.52 डॉलर प्रति औंस हो गया।

कमोडिटी विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले सप्ताह अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सभी अमेरिकी आयातों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने का वादा किया है, वे जनवरी में पदभार लेने वाले हैं। इससे महंगाई में और इजाफा होने व निकट भविष्य में अमेरिकी फेडरल रिजर्व (फेड) की आक्रामक रूप से ब्याज दरों में ढील देने की क्षमता पर प्रतिबंध लगने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इससे अमेरिकी ट्रेजरी बांड पर प्राप्त होने वाले ऊंचे प्रतिफल को समर्थन मिलता है तथा पीली धातु से निवेश को दूर करने में मदद मिलती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें