शेयर बाजार सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र के बाद सपाट बंद हुआ। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स 9.83 अंक की मामूली बढ़त के साथ 79,496.15 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 6.90 अंक गिरकर 24,141.30 पर बंद हुआ। इस दौरान, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे गिरकर 84.39 (अनंतिम) के नए सर्वकालिक निम्नतम स्तर पर पहुंच गया।
टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और लार्सन एंड टूब्रो भी पिछड़ने वालों में शामिल थे। हालांकि, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और आईसीआईसीआई बैंक लाभ में रहे।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,404.04 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "एफआईआई की गतिविधियां मौजूदा बाजार गति पर हावी हैं, जो कमजोर आय और ट्रम्प नीति से उम्मीदों द्वारा समर्थित है। निफ्टी की आय में और गिरावट के जोखिम ने निवेशकों की भावनाओं पर बादल छाए हैं, जबकि आईटी क्षेत्र मजबूत अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी आईटी खर्च में सुधार की प्रत्याशा के कारण बेहतर प्रदर्शन करना जारी रखता है।"
नायर ने कहा कि भारत सीपीआई आंकड़ों का भी इंतजार कर रहा है। खाद्य पदार्थों की कीमतें मासिक आधार पर अधिक रहने की आशंका है, जिससे आरबीआई को अल्पावधि में ब्याज दरें यथावत रखने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 1.14 प्रतिशत तथा मिडकैप सूचकांक में 0.79 प्रतिशत की गिरावट आई।
क्षेत्रीय सूचकांकों में कमोडिटीज में 1.25 प्रतिशत, धातु में 0.97 प्रतिशत, एफएमसीजी में 0.90 प्रतिशत, तेल एवं गैस में 0.79 प्रतिशत तथा ऑटो में 0.67 प्रतिशत की गिरावट आई। वित्तीय सेवाएं, आईटी, बैंकेक्स, बिजली और टेक सेक्टर में लाभ रहा।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, "अत्यधिक अस्थिर इंट्रा-डे सत्र में प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सकारात्मक और नकारात्मक क्षेत्रों के बीच घूमते रहे और अंत में एक नीरस नोट पर समाप्त हुए। हालांकि, चुनिंदा बैंकिंग और आईटी शेयरों में बढ़त ने बाजारों को एक और गिरावट से बचा लिया, क्योंकि रुपये में गिरावट और एफआईआई फंड की निकासी निवेशकों को किनारे पर रख रही है।"
एशियाई बाजारों में सियोल और हांगकांग में गिरावट रही जबकि टोक्यो और शंघाई में बढ़त रही। यूरोपीय बाजारों में मजबूती के साथ कारोबार हो रहा था। शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट सकारात्मक दायरे में बंद हुआ। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.83 प्रतिशत घटकर 73.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शुक्रवार को बीएसई का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 55.47 अंक या 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79,486.32 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 51.15 अंक या 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,148.20 अंक पर बंद हुआ था।