एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातु की कीमतों में तेजी के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोना 146 रुपये की तेजी के साथ 47,997 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी दिन में यह कीमती पीली धातु 47,851 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इसके साथ ही चांदी की कीमत में भी तेजी दर्ज की गई है।
दूसरी कीमती धातु चांदी के दाम में सोमवार को 635 रुपये की तेजी आई और इस बढ़ोतरी के साथ इसका दाम उछलकर 61,391 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। गौरतलब है कि इससे पिछले कारोबारी दिन में चांदी 60,756 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना हरे रंग में 1,812 डॉलर प्रति औंस और चांदी सपाट 22.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि सोमवार को कॉमेक्स में हाजिर सोने की कीमत 1,812 डॉलर प्रति औंस थी। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के बावजूद कमजोर डॉलर के समर्थन से सोने की कीमतों में तेजी आई है।