सोने की वायदा कीमत में मामूली तेजी देखने को मिली है। सात सितंबर को अक्तूबर के सोना वायदा में हल्की तेजी दिखी। एमसीएक्स पर अक्तूबर सोने की वायदा कीमत 0.22 फीसदी की तेजी के साथ 50,791 रुपये पर आ गया है। सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर प्रति दस ग्राम अक्तूबर सोने की कीमत 50,791 रुपये है।
वहीं सितंबर चांदी वायदा एक फीसदी उछाल के साथ 68,070 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। पिछले हफ्ते चांदी और सोने की कीमतों में जबरदस्त उठापटक देखने को मिली थी। चीन, यूरोपियन यूनियन और अमेरिका में मैन्यूफैक्चरिंग गतिविधियों में उछाल के चलते सोने और चांदी के दाम फिर फिसल गए थे।
जानकारों का कहना है कि पिछले हफ्ते जारी किया गया मुख्य वैश्विक आर्थिक डाटा बताता है कि महामारी के बाद मैन्यूफैक्चरिंग और रोजगार में कई सुधार देखे जाएंगे लेकिन वो अभी काफी आगे की बात है। मौजूदा समय में बेरोजगारी दर उच्च स्तर पर है, महंगाई बढ़ रही है और कोरोना वायरस की दूसरी लहर चिता का विषय है। जानकार कहते हैं कि इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।