बीएसई और एनएसई दिवाली के दिन रविवार 30 अक्टूबर को एक विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र संचालित करेंगे। शेयर बाजारों ने एक सूचना में कहा कि यह लाइव ट्रेडिंग सत्र शाम साढ़े छह बजे से साढ़े सात बजे तक होगा।
इस दौरान बीएसई पर शेयर डेरीवेटिव, मुद्रा डेरीवेटिव, शेयर और एसएलबी सेगमेंट में और एनएसई पर मुद्रा डेरीवेटिव, वायदा एवं विकल्प और पूंजी बाजार सेगमेंट में कारोबार होगा।
इस अवसर पर की जाने वाली खरीद-बिक्री का सेटलमेंट भी होगा। उल्लेखनीय है कि दिवाली पर शेयरों की खरीद-बिकवाली करना निवेशकों के लिए शुभ माना जाता है। इसलिए निवेशक इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।