सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (DHFL) के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। आज डीएचएफएल ने चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा करनी थी, जिसे कंपनी ने टाल दिया है। इसके चलते शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे तक डीएचएफएल के शेयर में छह फीसदी से भी ज्यादा की गिरावट आई थी।
शुक्रवार की सुबह करीब 11:30 बजे डीएचएफएल का शेयर 75.90 के स्तर पर था। कंपनी के शेयर में 6.93 फीसदी यानी 5.65 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार की बात करें तो कंपनी का शेयर 81.50 के स्तर पर खुला था। वहीं पिछले कारोबारी दिन कंपनी का शेयर 81.55 के स्तर पर बंद हुआ था। इसके साथ ही आपको बता दें कि शुक्रवार को कंपनी का शेयर 74.60 के निचले स्तर पर भी पहुंचा था।
इससे पहले बुधवार को डीएचएफएल ने कहा था कि वह जल्द ही अपनी अनुषंगी कंपनियों डीएचएफएल प्रामेरिका एसेट मैनेजर्स और डीएचएफएल प्रामेरिका ट्रस्टीज में अपनी पूरी हिस्सेदारी की बिक्री प्रक्रिया को पूरा कर लेगी।
डीएचएफएल को वित्तीय संकट का सामना करना पड़ा रहा है। कंपनी ने हाल ही में कर्ज अदायगी के भुगतान में चूक भी की है। कंपनी अपनी कर देनदारियों को पूरा करने के लिए अनुषंगी कंपनियों में हिस्सेदारी की बिक्री समेत धन जुटाने के दूसरे विकल्प अपना रही है।