सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार में फिर जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 2713.41 अंक यानी 7.96 फीसदी की गिरावट के बाद 31,390.07 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 756.10 अंक यानी 7.60 फीसदी की गिरावट के बाद 9,199.10 के स्तर पर बंद हुआ। निवेशकों के एक दिन में 7.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज यस बैंक के अतिरिक्त एनएसई पर सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में निम्नलिखित कंपनियां शामिल हैं-
- इंडसइंड बैंक ( -18.35 फीसदी )
- जेएसडब्ल्यू स्टील ( -14.82 फीसदी )
- वेदांता लिमिटेड ( -10.89 फीसदी )
- टाटा स्टील ( -10.70 फीसदी )
- एक्सिस बैंक ( -10.31 फीसदी )
- एचडीएफसी ( -10.10 फीसदी )
- अडाणी पोर्ट्स ( -9.72 फीसदी )
- इंफोसिस ( -9.21 फीसदी )
- जी लिमिटेड ( -9.08 फीसदी )
यस बैंक के शेयर में 45 फीसदी उछाल
इस बीच आज यस बैंक का शेयर में जोरदार बढ़त पर बंद हुआ। यह 11.50 अंक यानी 45.01 फीसदी बढ़कर 37.05 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 26.70 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 25.55 के स्तर पर बंद हुआ था। बता दें कि यस बैंक के ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। यस बैंक ने ट्वीट कर जानकारी दी कि 18 मार्च शाम 6 बजे के बाद ग्राहक अपने खाते से सामान्य लेन-देन कर सकेंगे। बैंक के खाताधारक सभी 1,132 शाखाओं से लेनदेन कर सकेंगे। पिछले सप्ताह आर्थिक संकट से जूझ रहे यस बैंक को उबारने के लिए सरकार ने यस बैंक के पुनर्गठन की योजना अधिसूचित की थी। इसलिए आज यस बैंक के शेयर में उछाल दर्ज किया गया।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें मेटल, फार्मा, आईटी, रियल्टी, मीडिया, ऑटो, पीएसयू बैंक, एफएमसीजी और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
यूएस फेडरल बैंक ने घटाई ब्याज दर
कोरोना वायरस के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए दुनियाभर के केंद्रीय बैंक आगे आ रहे हैं। यूएस फेडरल रिजर्व बैंक ने ब्याज दरों में कटौती की है। इसके तहत अब बैंक 0 से 0.25 की ब्याज दर पर कर्ज उपलब्ध कराएगा। न्यूजीलैंड के केंद्रीय बैंक ने भी आपातकालीन बैठक के बाद ब्याज दरों में 75 आधार अंकों की कटौती की है। इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के केंद्रीय बैंक ने 27 अरब डॉलर के राहत पैकेज की घोषणा की थी। इसके तहत यूएई के बैंकों को सपोर्ट किया जाएगा और विभिन्न नियामकीय सीमाओं में ढील दी जाएगी। वहीं सऊदी अरब ने अलग से 13 अरब डॉलर की राहत पैकेज की घोषणा की है। इसके बावजूद आज बाजार में गिरावट देखी गई।
भारत में कोरोना से 111 लोग संक्रमित
देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 117 तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों की संख्या 32 हो गई है जोकि पूरे देश में सबसे ज्यादा है। राजस्थान में तीन मरीज पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए हैं। ओडिशा में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है। पटना में एक संदिग्ध मरीज अस्पताल से भाग गया है।
विदेशी निवेशकों को वैश्विक मंदी का डर
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) में वैश्विक मंदी की आशंका बढ़ गई है। इससे डरे एफपीआई ने मार्च में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से शुद्ध रूप से 37,976 करोड़ रुपये की निकासी की है। एफपीआई ने शुक्रवार को ही घरेलू बाजार से 6,027.58 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की थी।
32,511.68 के स्तर पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1591.80 अंक यानी 4.67 फीसदी की ढलान के साथ 32,511.68 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 446.85 अंक यानी 4.49 फीसदी की गिरावट के साथ 9508.35 के स्तर पर खुला था। इसके बाद दोपहर 2:22 बजे बीएसई का सेंसेक्स 2,580.06 अंक यानी 7.57 फीसदी गिरकर 31,523.42 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई का निफ्टी 710.80 अंक लुढ़ककर 9,244.40 के स्तर पर था। बाजार के खुलने के बाद शुरुआती 15 मिनट में निवेशकों के छह लाख करोड़ से भी ज्यादा पैसे डूब गए थे।