सकारात्मक वैश्विक रुझानों और भारी एफपीआई आवक के चलते आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 329.33 अंक (0.68 फीसदी) ऊपर 49,111.84 के स्तर पर खुला। सेंसेक्स ने आईटी शेयरों में तेजी के बल पर सर्वकालीन उच्च स्तर को छुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 83.90 अंक (0.58 फीसदी) ऊपर 14,431.20 के स्तर पर खुला। चौतरफा तेजी के चलते बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 196.93 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
आज 1270 शेयरों में तेजी आई और 307 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 86 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। केंद्रीय बजट से पहले निवेशक निवेश को लेकर चिंतित हैं क्योंकि ज्यादातर मार्केट विश्लेषकों के अनुसार, कोरोना के चलते इस बार का बजट उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा, जिसकी वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए। पिछले सप्ताह सेंसेक्स 913.53 अंक यानी 1.90 फीसदी मजूत हुआ जबकि निफ्टी में 328.75 अंक यानी 2.34 फीसदी की तेजी आई।
इस सप्ताह इन कारकों से प्रभवित होगा बाजार
विश्लेषकों ने अनुमान जताया है कि घरेलू शेयर बाजार की चाल इस सप्ताह मुद्रास्फीति और अन्य आर्थिक आंकड़ों की घोषणा तथा कंपनियों के तिमाही परिणाम के अलावा वैश्विक रुख से तय होगी। वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख, कोविड-19 टीके से जुड़ी खबरों और आर्थिक पुनरुद्धार को लेकर उम्मीद से भारतीय शेयर बाजार पिछले सप्ताह लगभग हर दिन नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। पिछले कुछ सप्ताह से बाजार में तेजी की यही प्रवृत्ति रही है। इस सप्ताह इंफोसिस, विप्रो और एचसीएल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड जैसी कंपनियों के तिमाही परिणाम जारी होने हैं।
पिछले सप्ताह सात कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में तेजी
पिछले सप्ताह देश की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में संयुक्त रूप से 1,37,396.66 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई। इसमें सर्वाधिक लाभ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को हुआ। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल), इंफोसिस, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय एयरटेल भी मुनाफे में रहीं। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस के बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान एनटीपीसी, पावर ग्रिड, बीपीसीएल, डॉक्टर रेड्डी और आईटीसी के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं विप्रो, एम एंड एम, ग्रासिम, इचर मोटर्स और गेल के शेयर लाल निशान पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर खुले। इनमें फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, मेटल, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, पीएसयू बैंक, बैंक, प्राइवेट बैंक, मीडिया और ऑटो शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.02 बजे सेंसेक्स 384.98 अंक यानी 0.70 फीसदी की बढ़त के बाद 49,167.49 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 224.20 अंक यानी 1.56 फीसदी ऊपर 14,571.50 के स्तर पर था।
2020 में बाजार में जारी रही उठा-पटक
शेयर बाजारों के लिए साल 2020 काफी घटनाक्रमों वाला रहा। मार्च 2020 में भारत में कोरोना वायरस महामारी ने दस्तक दी। कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। मार्च में जहां शेयर बाजार धड़ाम हुआ था, वहीं साल के अंत में सेंसेक्स-निफ्टी ने 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 333.85 अंक ऊपर 48,427.17 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 0.69 फीसदी के उछाल के साथ 14,234.40 के स्तर पर था।
शुक्रवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को शेयर बाजार को मजबूती मिली थी। सेंसेक्स 1.01 फीसदी की बढ़त के साथ 689.19 अंक ऊपर 48782.51 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 209.90 अंक (1.48 फीसदी) की तेजी के साथ 14347.25 के स्तर पर बंद हुआ था।