आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में बढ़त आई और सेंसेक्स 50000 के करीब पहुंचा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 216.28 अंक (0.44 फीसदी) ऊपर 49,733.39 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 67 अंक (0.46 फीसदी) ऊपर 14,630.50 के स्तर पर खुला। शेयर बाजार में तेजी का रुख लगातार बना हुआ है और प्रतिदिन बाजार नई ऊंचाई छू रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह के बीच अनुकूल घरेलू गतिविधियों से बाजार में तेजी देखने को मिल रही है।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान आईटीसी, पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, एचसीएल टोक, एसबीआई, एनटीरीसी, सन फार्मा, ओएनडीसी, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस बजाज फिनसर्व और रिलायंस के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं डॉक्टर रेड्डी, टाइटन, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति, बजाज ऑटो और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर लाल निशान पर खुले।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.01 बजे सेंसेक्स 61.91 अंक यानी 0.13 फीसदी की बढ़त के बाद 49579.02 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 107.40 अंक यानी 0.74 फीसदी ऊपर 14670.90 के स्तर पर था।
2020 में बाजार में जारी रही उठा-पटक
शेयर बाजारों के लिए साल 2020 काफी घटनाक्रमों वाला रहा। मार्च 2020 में भारत में कोरोना वायरस महामारी ने दस्तक दी। कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। मार्च में जहां शेयर बाजार धड़ाम हुआ था, वहीं साल के अंत में सेंसेक्स-निफ्टी ने 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली।
पिछले कारोबारी दिन लाल निशान पर खुला था सेंसेक्स
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 101.75 अंक (0.21 फीसदी) नीचे 49,167.57 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 26.80 अंक (0.19 फीसदी) नीचे 14,458 के स्तर पर खुला था।
मंगलवार को रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था बाजार
मंगलवार को शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.50 फीसदी की बढ़त के साथ 247.79 अंक ऊपर 49517.11 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 78.70 अंक (0.54 फीसदी) की तेजी के साथ 14563.45 के स्तर पर बंद हुआ था।