बजट के दिन से ही शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई। लेकिन पिछले कारोबारी सत्र में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद आज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार लाल निशान पर खुला। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 146.11 अंक (0.29 फीसदी) की गिरावट के साथ 50,109.64 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 43.55 अंक यानी 0.29 फीसदी की गिरावट के साथ 14,746.40 के स्तर पर खुला। अर्थशास्त्रियों और बाजार विश्लेषकों का मानना है कि सोमवार को पेश किया गया बजट एक साहसिक और वृद्धि-उन्मुख बजट है। दो सरकारी बैंकों के निजीकरण और भूमि जैसी परिसंपत्तियों के मौद्रीकरण के प्रस्ताव को भी बाजार ने सकारात्मक माना है।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान हिंडाल्को, टीसीएस, आईओसी और हीरो मोटोकॉर्प के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाल निशान पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी, आईटी और फार्मा की शुरुआत बढ़त पर हुई। वहीं बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, ऑटो, प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंक, मीडिया और रियल्टी लाल निशान पर खुले।
बजट वाले दिन टूटा था 24 सालों का रिकॉर्ड
एक फरवरी को बीएसई का इंडेक्स पांच फीसदी ऊपर बंद हुआ था। मालूम हो कि बजट के दिन यह सेंसेक्स में 24 सालों की सबसे बड़ी उछाल है। एक फरवरी को सेंसेक्स 2314.84 अंक ऊपर 48600 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 646.60 अंक (4.74 फीसदी) की बढ़त के साथ 14281.20 के स्तर पर बंद हुआ था। इसके बाद सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार उछाल देखा गया और यह उच्चतम स्तर पर पहुंच गए।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.01 बजे सेंसेक्स 24.11 अंक (0.05 फीसदी) ऊपर 50,279.86 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 56.90 अंक (0.38 फीसदी) ऊपर 14,846.90 के स्तर पर था।
पिछले कारोबारी दिन रिकॉर्ड स्तर पर खुला था बाजार
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 227.66 अंक (0.46 फीसदी) की बढ़त के साथ 50,025.38 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 75.50 अंक यानी 0.52 फीसदी की तेजी के साथ 14,723.35 के स्तर पर खुला था। इसके बाद बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहा।
बुधवार को 50 हजार के पार बंद हुआ था सेंसेक्स
बुधवार को सेंसेक्स 458.03 अंक यानी 0.92 फीसदी की तेजी के साथ 50255.75 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 142.10 अंक (0.97 फीसदी) की बढ़त के साथ 14789.95 के स्तर पर बंद हुआ था।