आज सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार उच्चतम स्तर पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 223.17 अंक (0.45 फीसदी) की बढ़त के साथ 50,015.29 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 63 अंक यानी 0.43 फीसदी की तेजी के साथ 14,707.70 के स्तर पर खुला। यह पहली बार है जब सेंसेक्स ने 50,000 का आंकड़ा पार किया है।
1034 शेयरों में आई तेजी, 345 में गिरावट
बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 252.16 अंक या 0.51 फीसदी के लाभ में रहा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 86.45 अंक या 0.60 फीसदी चढ़ गया। आज 1034 शेयरों में तेजी आई और 267 शेयरों में गिरावट आई। वहीं 68 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। केंद्रीय बजट से पहले निवेशक निवेश को लेकर चिंतित हैं क्योंकि ज्यादातर मार्केट विश्लेषकों के अनुसार, कोरोना के चलते इस बार का बजट उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा, जिसकी वजह से बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान नेस्ले इंडिया, एम एंड एम, टीसीएस और एचडीएफसी के अतिरिक्त सभी शेयर हरे निशान पर खुले। शीर्ष बढ़त वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, रिलायंस, बजाज ऑटो, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, मारुति, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, ओएनजीसी, इंफोसिस, एनटीपीसी और टाइटन शामिल हैं।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सुबह 9.02 बजे सेंसेक्स 211.40 अंक (0.42 फीसदी) ऊपर 50,003.52 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 146 अंक (1.00 फीसदी) ऊपर 14,790.70 के स्तर पर था।
2020 में बाजार में जारी रही उठा-पटक
शेयर बाजारों के लिए साल 2020 काफी घटनाक्रमों वाला रहा। मार्च 2020 में भारत में कोरोना वायरस महामारी ने दस्तक दी। कोरोना वायरस से शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा। घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। मार्च में जहां शेयर बाजार धड़ाम हुआ था, वहीं साल के अंत में सेंसेक्स-निफ्टी ने 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर खुला था सेंसेक्स
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 39.97 अंक (0.08 फीसदी) की बढ़त के साथ 49,438.26 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 12 अंक यानी 0.08 फीसदी की मामूली तेजी के साथ 14,533.20 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
बुधवार को शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 393.83 अंक यानी 0.80 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ 49792.12 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 123.55 अंक (0.85 फीसदी) की बढ़त के साथ 14644.70 के स्तर पर बंद हुआ था। यह सेंसेक्स-निफ्टी का उच्चतम स्तर है।