स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए पिछले साल शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में अभी तक 1.15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज स्वीकृत किया गया है और इनमें से करीब 70 फीसदी कर्ज महिलाओं को मिला है।
इसे सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में सबसे बड़ा कदम बता रही है। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय में वित्तीय सेवा सचिव अंजलि चिब दुग्गल ने मंगलवार को यहां बताया कि बैंकों ने अभी तक प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के तहत 1.15 लाख करोड़ रुपये का लोन वितरण किया है।
उल्लेखनीय है कि सूक्ष्म इकाई विकास एवं पुनर्वित्त एजेंसी लिमिटेड (मुद्रा) 5.75 करोड़ स्वरोजगार में लगे लोगों पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत छोटे उद्यमियों को 1,000 रुपए से 10 लाख रुपये का कर्ज बेहद कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है और इसके लिए कोई गारंटर भी नहीं जुटाना होता है।