आधार कार्ड प्रत्येक भारतीय नागरिक के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। आधार कार्ड केवल एक दस्तावेज ही नहीं है, बल्कि पहचान पत्र है। किसी भी वित्तीय लेनदेन और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आधार बेहद जरूरी है। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने इस संदर्भ में ग्राहकों के लिए एक नया अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट आधार कार्ड और एसबीआई खाते को लेकर है।
एसबीआई ने ट्वीट कर किया स्पष्ट
एसबीआई ने ट्वीट कर स्पष्ट रूप से कहा है कि, 'हम अपने ग्राहकों को सूचित करना चाहते हैं कि बैंक खाते को आधार से लिंक करना ग्राहकों के लिए अनिवार्य है। यदि बैंक खाता आधार से लिंक नहीं होगा, तो भारत सरकार की ओर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए किसी भी तरह का फायदा या सब्सिडी पाना चाहते हैं।'
चार तरीकों से कर सकते हैं लिंक
एसबीआई के बचत खाते को आधार से चार तरीकों से लिंक किया जा सकता है- इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से, एटीएम से, एसबीआई एनीवेयर एप से और ब्रांच में जाकर। यदि आप इंटरनेट बैंकिंग से यह करना चाहते हैं, तो आपकी नेट बैंकिंग चालू होनी चाहिए।
इसके लिए आप बैंक की वेबसाइट पर जाएं। यहां 'लिंक आधार नंबर विद बैंक' पर क्लिक करें। अब अपने आधार नंबर को जोड़ने करने के लिए स्क्रीन पर दिख रहे नियमों को फॉलो करें। मैपिंग की स्थिति की जानकारी आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर दी जाएगी। मालूम हो कि उच्चतम न्यायालय ने बैंक खाते को आधार से लिंक करना अनिवार्य नहीं किया है लेकिन अगर सरकारी सब्सिडी बैंक खाते में आती है, तो आपको आधार नंबर, खाते से लिंक कराना होगा।