भारत के शीर्ष बैंकरों में शुमार दो बैंकरों ने कहा कि छोटे और नकदी की कमी से जूझ रह यस बैंक के लिए कोटक महिंद्रा बैंक सबसे उपयुक्त खरीदार है। इस साल की शुरुआत में नए मुख्य कार्यकारी रवनीत गिल द्वारा कमान संभाले जाने के बाद से बैंक गैर निष्पादित आस्तियों (एनपीए) बढ़ने से पूंजी की कमी से जूझ रहा है। निजी क्षेत्र के ऋणदाता की पूंजी जुटाने की योजना को लेकर भी अनिश्चितताएं बनी हुई हैं और इसकी बिक्री को लेकर भी चर्चाएं हो रही है। हालांकि प्रबंधन अभी तक ऐसी चर्चाओं को खारिज करता रहा है।
एक कार्यक्रम के दौरान एसबीआई चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यस बैंक को खरीदने के लिए उदय (कोटक) सबसे बेहतर शख्स हैं। आपको खासी बड़ी पूंजी की जरूरत है, जो उदय के पास है।’
जब यही सवाल देश के तीसरे बड़े ऋणदाता एक्सिस बैंक के प्रबंधन निदेशक और सीईओ अमिताभ चौधरी से पूछा गया तो उन्होंने भी यही राय व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘हम (एक्सिस बैंक) एक छोटे बैंक हैं। हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि कुछ बड़ा होने के बाद ही हम दूसरे संस्थानों का अधिग्रहण कर सकते हैं। इसलिए हां, हमारी तुलना में श्री कोटक इसके लिए सर्वश्रेष्ठ शख्स हैं।’
संपर्क करने पर कोटक महिंद्रा ग्रुप के मुख्य संवाद अधिकारी रोहित रॉय ने कहा, ‘ये टिप्पणियां दूसरे बैंकरों द्वारा की गई हैं और इससे उनकी राय जाहिर होती है, न कि हमारी।’
पूर्व में भी यस बैंक के लिए संभावित खरीदारों के तौर पर एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के नाम की चर्चा हुई है। क्षेत्र के कुछ जानकारों के मुताबिक, एक बैंक खरीदकर उदय कोटक, कोटक महिंद्रा बैंक में प्रवर्तक हिस्सेदारी में कमी ला सकते हैं। इससे उन्हें अपनी हिस्सेदारी आरबीआई के नियमों के अनुरूप बनाने में भी मदद मिल सकती है। इसको लेकर नियामक और कोटक महिंद्रा बैंक के बीच अदालत में मामला भी चल रहा है।