एसबीआई के पांच सहयोगी बैंकों के कर्मचारियों के एक वर्ग ने शुक्रवार 20 मई को हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। यह हड़ताल सहयोगी बैंकों के एसबीआई में प्रस्तावित विलय के विरोध में होगी।
इस सप्ताह की शुरुआत में एसबीआई ने पांच सहयोगी बैंकों और नई बनी भारतीय महिला बैंक के एसबीआई में विलय का प्रस्ताव रखा था। इस बीच अखिल भारतीय बैंक अधिकारी संघ (एआईबीओए) ने सरकार से निवेदन किया था कि वह एसबीआई के इस प्रस्ताव को मंजूरी न दे। अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के सभी कामगारों, निदेशकों और कुछ अन्य स्वतंत्र निदेशकों के विरोध के बावजूद इस विलय प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई।
एसबीआई के पांच सहयोगी बैंक हैं स्टेट बैंक ऑफ हैदराबाद, स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ त्रावनकोर और स्टेट बैंक ऑफ मैसूर। एआईबीईए ने एक बयान में कहा कि उसने पांच सहयोगी बैंकों के अपने सभी सदस्यों को भी 20 मई को हड़ताल के लिए बुलाया है।