अगर आपको डिजिटल तरीके से बैंक का कोई भी काम निपटाना है तो उसे आज दिन में ही पूरा कर लीजिए। ऐसा इसलिए क्योंकि आज रात देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और निजी बैंक एचडीएफसी बैंक की कई सेवाएं बाधित रहेंगी। इस संदर्भ में बैंक ने अपने ग्राहकों को अलर्ट जारी किया है। ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग और यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) जैसी सुविधा का लाभ नहीं उठा पाएंगे। ऐसा मेंटेनेंस के काम के कारण किया जा रहा है। पिछले महीने भी रखरखाव से जुड़े कार्यों की वजह से एसबीआई का योनो, योनो लाइट, इंटरनेट बैंकिंग, यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) समेत डिजिटल बैंकिंग मंच प्रभावित हुआ था।
एसबीआई ने ट्वीट कर दी जानकारी
एसबीआई ने एक ट्वीट में बताया कि, 'हम रखरखाव संबंधी कार्य सात मई 2021 को रात 10.15 से आठ मई 2021 को देर रात 1.45 तक करेंगे। इस दौरान आईएनबी, योनो, योनो लाइट, यूपीआई सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। हमें ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद है और आपसे सहयोग का आग्रह है।'
एचडीएफसी बैंक का अलर्ट
एचडीएफसी ने भी अपने ग्राहकों को अलर्ट जारी किया है। बैंक ने बताया कि उसकी नेटबैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं शुक्रवार रात बाधित रहेंगी। ई-मेल के जरिए भेजे गए संदेश में बैंक ने कहा कि, 'कुछ निर्धारित मेंटेनेंस गतिविधियों की वजह से आठ मई को सुबह दो बजे से सुबह पांच बजे तक नेटबैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।'
देश में एसबीआई की 22,000 से अधिक शाखाएं
देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई की 22,000 से अधिक शाखाएं हैं और 57,889 एटीएम है। 31 दिसंबर, 2020 की स्थिति के अनुसार इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग उपयोग करने वाले ग्राहकों की संख्या क्रमश: 8.5 करोड़ और 1.9 करोड़ है। वहीं बैंक के यूपीआई का उपयोग करने वाले ग्राहकों की संख्या 13.5 करोड़ है।