भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) जल्द ही 10 रुपये के एक और नोट को लाने वाला है। इस नोट में आरबीआई के नए गवर्नर शक्तिकांत दास के हस्ताक्षर होंगे। हालांकि बैंक की तरफ से पहले जारी किए गए नोट भी पहले की तरह चलते रहेंगे।
पिछले साल जारी हुआ था नया नोट
बैंक ने पिछले वित्त वर्ष में 10 रुपये का नया नोट जारी किया था। यह पहले से चल रहे नोटों के मुकाबले आकार में छोटा था। इस नोट का आकार भी 2000, 500, 100, 50 और 20 रुपये के नए नोट की तरह किया गया था। जब यह 10 रुपये का नोट जारी किया गया तब उसमें तत्कालीन गवर्नर उर्जित पटेल के हस्ताक्षर थे। हालांकि उर्जित पटेल ने पिछले साल दिसंबर में इस्तीफा दे दिया था और उनके स्थान पर शक्तिकांत दास को तीन साल के लिए आरबीआई का गवर्नर बनाया गया था।
नोट के यह हैं फीचर्स
- 10 रुपये का नया नोट चॉकलेट ब्राउन कलर का है।
- इसके पिछले हिस्से में भारत की सांस्कृतिक धरोहर कोणार्क के सूर्य मंदिर का चित्र है।
- बीच में महात्मा गांधी जी की तस्वीर और दाहिनी ओर अशोक स्तंभ बना है।
- बाईं तरफ सबसे ऊपर नंबर पैनल पर अंक छोटे से बढ़ते क्रम में बने हैं।
- नोट पर छपाई का वर्ष की अंकित है।
- नोट के दाईं तरफ निचले हिस्से में 10 रुपये लिखा हुआ है और नोट के बाईं तरफ देवनागरी में 10 रुपये लिखा हुआ है।
- नए नोट में अलग-अलग जगह छोटे शब्दों में RBI,भारत, INDIA और 10 रुपये लिखा है।
- नोट के पिछले हिस्से में बाईं तरफ नोट छपने का साल लिखा है और स्वच्छ भारत का नारा भी लिखा हुआ होगा।