भारतीय रिजर्व बैंक ( RBI ) ने पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक ( PMC ) के ग्राहकों को राहत दी है। आरबीआई ने ग्राहकों के लिए निकासी की सीमा बढ़ा दी है। अब ग्राहक 10,000 रुपये निकाल सकेंगे। पहले ग्राहकों को छह महीने में सिर्फ एक हजार रुपये ही निकालने की अनुमति दी गई थी। आरबीआई के इस कदम से लाखों ग्राहकों को राहत मिलेगी।
पंजाब एंड महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक (पीएमसी) के कई खाताधारकों ने बैंक के अधिकारियों के खिलाफ गुरुवार को पुलिस में सामूहिक शिकायत दर्ज कराई थी।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्राहकों की ओर से बैंक के चेयरमैन और उसके निदेशकों के खिलाफ जनता के धन का गबन करने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
बैंक के खाताधारकों का एक प्रतिनिधिमंडल मध्य मुंबई के सियान पुलिस स्टेशन गया और बैंक अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। रिजर्व बैंक ने पीएमसी बैंक पर नियामकीय खामियों के चलते कई पाबंदियां लगाई हैं।