फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RBI का तोहफा: कुछ ही दिनों में 24 घंटे मिलेगी RTGS की सुविधा, जानिए क्या है ये

Fri, 04 Dec 2020 04:18 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट सिस्टम (RTGS) - फोटो : pixabay
विज्ञापन

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए आए दिन किसी नई सुविधा का ऐलान करता रहता है। अब आरबीआई ने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक और बड़ी घोषणा की है। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) सिस्टम अगले कुछ दिनों में चौबीसों घंटे काम करने लगेगी। यानी ग्राहकों को बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए बैंक के खुलने और बंद होने का इंतजार नहीं करना होगा।

विज्ञापन


संपर्करहित भुगतान के लिए बढ़ेगी प्रति लेनदेन की सीमा 
दास ने कहा कि डिजिटल भुगतान को सुरक्षित तरीके से बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि यूपीआई अथवा कार्ड के जरिए बिना संपर्क के किए जा सकने वाले भुगतान के मामलों में प्रति लेनदेन की सीमा को एक जनवरी 2021 से दो हजार रुपये से बढ़ाकर पांच हजार रुपये किया जाए। उन्होंने कहा कि यह ग्राहकों की इच्छा पर निर्भर करेगा। रिजर्व बैंक ने कहा कि इससे संबंधित परिचालन के दिशानिर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।

मौजूदा समय में ये है आरटीजीएस की टाइमिंग
मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसलों की घोषणा करते समय गवर्नर शक्तिकांचत दास ने ग्राहकों को यह तोहफा दिया। फिलहाल, ग्राहकों के लिए आरटीजीएस सिस्टम की टाइमिंग सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक है। दूसरे और चौथे शनिवार को, जब बैंक की छुट्टी होती है, तब यह सुविधा भी बंद रहती है। इसके साथ ही रविवार को भी यह सर्विस बंद रहती है। 

विज्ञापन

दो लाख रुपये है न्यूनतम सीमा
आरबीआई ने देश भर में डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया है। कोरोना काल में डिजिटल बैंकिंग का उपयोग बढ़ गया है। आपको बता दें कि आरटीजीएस के तहत न्यूनतम ट्रांसफर अमाउंट दो लाख रुपये है। वहीं अधिकतम राशि की कोई सीमा नहीं है।

क्या है RTGS?
RTGS का मतलब है रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट सिस्टम। 'रियल टाइम' का मतलब है तुरंत। मतलब जैसे ही आप पैसा ट्रांसफर करें, कुछ ही देर में वह खाते में पहुंच जाए। आरटीजीएस के जरिए जब आप लेनदेन करते हैं तो दूसरे खाते में तुरंत पैसा ट्रांसफर हो जाता है। 
विज्ञापन

निशुल्क है RTGS की सुविधा
छह जून 2019 को आरबीआई ने आम जनता को बड़ा तोहफा देते हुए रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट और नेशनल इलेक्ट्रिक फंड ट्रांसफर (एनईएफटी) के जरिए होने वाला लेनदेन निशुल्क कर दिया था। 

NEFT की सुविधा भी 24 घंटों के लिए उपलब्ध
16 दिसंबर 2019 से सभी बैंकों में 24 घंटे नेशनल इलेक्ट्रोनिक फंड ट्रांसफर (एनईएफटी) की सुविधा शुरू की थी। ऐसा करने का निर्देश भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बैंकों को दिया था। जबकि इससे पहले एनईएफटी सुविधा सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक थी। NEFT का मतलब है नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर। इंटरनेट के जरिए दो लाख रुपये तक के लेन-देन के लिए एनईएफटी का इस्तेमाल किया जाता है। इसके जरिए किसी भी शाखा के किसी भी बैंक खाते से किसी भी शाखा के बैंक खाते को पैसा भेजा जा सकता है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें