बैंक ऑफ इंडिया ने कहा कि 30 सितंबर को खत्म हुई वित्त वर्ष 2020-21 की दूसरी तिमाही में उसका संचयी शुद्ध लाभ दोगुने से अधिक बढ़कर 543.47 करोड़ रुपये हो गया है। बैंक ने बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में 257.31 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
12,477.79 करोड़ रुपये हो गई कुल आय
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि जुलाई-सितंबर 2020 के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 12,477.79 करोड़ रुपये हो गई, जो बीते वर्ष की समान अवधि में 12,062.55 करोड़ रुपये थी।
525.78 करोड़ रुपये रहा शुद्ध लाभ
बैंक ने बताया कि एकल आधार पर उसका शुद्ध लाभ बढ़कर 525.78 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 266.37 करोड़ रुपये था। बैंक की कुल गैर निष्पादित आस्तियां (एनपीए) 30 सितंबर 2020 तक कुल कर्ज के मुकाबले 13.79 फीसदी थीं। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 16.31 फीसदी था।
बैंक के शेयर में उछाल
आज बैंक ऑफ इंडिया के शेयर में 1.15 अंक (2.89 फीसदी) की तेजी दर्ज की गई और यह 41 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि शुरुआती कारोबार में यह 40.45 के स्तर पर खुला था और पिछले कारोबारी दिन 39.85 के स्तर पर बंद हुआ था। मौजूदा समय में बैंक का बाजार पूंजीकरण 134.51 अरब रुपये है।