देश में पहली बार एक कार्ड लांच हुआ है, जिसका इस्तेमाल लोग डेबिट व क्रेडिट दोनों तरह से कर सकते हैं। इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा, जो शॉपिंग के लिए क्रेडिट कार्ड व पैसे निकालने के लिए डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं।
पहली बार दो चिप वाला कार्ड
इस कार्ड में दो ईएमवी चिप दी गई हैं। इसके साथ ही कार्ड में दो मैगनेटिक स्ट्रिप भी लगी हैं। ग्राहकों को दोनों कार्ड का प्रयोग करने पर एक ही स्टेटमेंट मिलेगा। वहीं ग्राहकों को रिवार्ड प्वाइंट भी एक साथ मिलेगा। इन रिवार्ड प्वाइंट्स को ग्राहक साथ में भुना भी सकेंगे।
इससे ग्राहकों को सुविधा होगी और उन्हें दो कार्ड नहीं रखना होंगे। इंडसइंड बैंक ने एक बयान में कहा है कि इस कार्ड को एनाग्राम तकनीक के जरिए बनाया गया है। बैंक के कंज्यूमर बैंकिंग प्रमुख सुमंत कठपालिया के मुताबिक हमारा लक्ष्य हमेशा ग्राहकों की सुविधा बढ़ाना रहा है।
अभी तक सभी बैंक क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड अलग-अलग जारी करते हैं। क्रेडिट कार्ड ग्राहक की मर्जी होने और अर्जी देने के बाद ही दिया जाता है। इंडसइंड बैंक की देश में 1,410 शाखाएं और 2,285 एटीएम हैं।
एटीएम पर मिलती है यह सुविधा
इंडसइंड के एटीएम पर ग्राहकों को पैसा निकालते वक्त करेंसी नोट चुनने का विकल्प भी दिया जाता है। ग्राहक 100, 200, 500, 2000 रुपये के करेंसी नोट का विकल्प चुनकर आसानी से कैश निकाल सकते हैं। यह सुविधा किसी अन्य बैंक के एटीएम में ग्राहकों को नहीं मिलती है।