देश के सबसे बड़े निजी बैंक एचडीएफसी बैंक ने अपने ग्राहकों को अलर्ट किया है। ग्राहकों को आज और कल परेशानी हो सकती है। बैंक ने ई-मेल के जरिए ग्राहकों को जानकारी दी है कि शेड्यूल्ड मेंटेनेंस की वजह से आज रात नौ बजे से कल दोपहर तीन बजे तक लोन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी। आइए जानते हैं इसके बारे में-
बैंक ने दी सूचना
बैंक ने कहा कि 21 अगस्त 2021 को रात नौ से 22 अगस्त 2021 को दोपहर तीन बजे तक नेटबैंकिंग पर ग्राहकों को लोन से जुड़ी सुविधाएं नहीं मिलेंगी। यह 18 घंटों के लिए बंद रहेंगी। इस दौरान डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए बैंक मेंटनेंस का काम करेगा। बैंक का कहना है कि इससे ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए उसे खेद है। साथ ही उसे अपेक्षा है कि ग्राहक इस काम में उसका सहयोग करेंगे।
यह पहला मौका नहीं है जबकि एचडीएफसी बैंक के ग्राहकों को दिक्कत हुई है। इससे पहले भी कई बार एचडीएफसी बैंक के ग्राहकों को इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा है। गौरतलब है कि एचडीएफसी बैंक भारत में निजी क्षेत्र का काफी दिग्गज बैंक है और यह अपने ग्राहकों को लगातर सेवाएं बेहतर देने की कोशिश कर रहा है।
नए क्रेडिट कार्ड जारी करने की मिली अनुमति
मालूम हो कि इसी महीने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एचडीएफसी बैंक को बड़ी राहत दी। केंद्रीय बैंक ने आठ महीने के प्रतिबंध के बाद एचडीएफसी को नए क्रेडिट कार्ड जारी करने की अनुमति दे दी है। आरबीआई ने यह कार्रवाई एचडीएफसी बैंक में बार-बार आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते की थी। इसके साथ ही इस पर कोई नई डिजिटल पहल करने पर भी रोक लगाई गई थी जो अभी भी जारी रहेगा।
बैंक ने किया सिस्टम को अपग्रेड
प्रतिबंध लगाने के बाद से एचडीएफसी बैंक लगातार आरबीआई के संपर्क में रहा और निर्देशों के अनुसार उसने अपने सिस्टम को भी अपग्रेड किया है। हाल ही में, बैंक के उपभोक्ता वित्त, डिजिटल बैंकिंग और सूचना प्रौद्योगिकी के प्रमुख पराग राव ने कहा था कि हमने छह महीनों का उपयोग कार्ड व्यवसाय के बारे में आत्मनिरीक्षण और नवाचार करने में किया है, जहां हमारे 15 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं।