सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से टाटा मोटर्स, येस बैंक, महिन्द्रा एण्ड महिन्दा, वेदांता, इन्फोसिस और टेक महिन्द्रा के शेयरों में अच्छा उछाल दर्ज किया गया। दूसरी तरफ मारुति लिमिटेड, भारती एयरटेल, टीसीएस और एचसीएल टेक के शेयर मूल्य में 0.78 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई।
शेयर ब्रोकरों ने कहा कि संवर्त वर्ष 2076 की शुरुआत के मौके पर निवेशकों में उत्साह रहा। खरीदारी का जोर रहने से एक घंटे के विशेष मुहूर्त कारोबार में तेजी का रुख रहा।
दूरसंचार और टिकाऊ उपभोक्ता सामानों को छोड़कर दूसरे क्षेत्रों के समूह सूचकांक में तेजी रही। पिछले संवत वर्ष 2075 में पूरे वर्ष के दौरान बीएसई सेंसेक्स 4,066.15 अंक यानी 11.62 फीसदी चढ़ा है जबकि निफ्टी सूचकांक 1,053.90 अंक यानी 10 फीसदी चढ़ा है।
बीएसई और एनएसई सोमवार 28 अक्टूबर को ‘दिवाली बलीप्रतिपदा’ के उपलक्ष्य में बंद रहेगा।
दिवाली के मौके पर हर साल शेयर बाजार एक बिजनेस सेशन का आयोजन करता है, जिसे 'मुहूर्त ट्रेडिंग' कहा जाता है। इसे हिंदू लेखा वर्ष की शुरुआत के लिए शुभ मानते हैं। इसे संवत वर्ष कहा जाता है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज
1957 से मुहूर्त ट्रेडिंग आयोजित करता आ रहा बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज है। 1992 में नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में इसकी शुरुआत हुई। मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन कारोबार सांकेतिक तौर पर होता है। माना जाता है कि इस दिन थोड़ी मात्रा में शेयर खरीदना शुभ होता है। लोग मानते हैं कि इससे पूरे वर्ष माता लक्ष्मी का आशीर्वाद बना रहता।