भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को शिमला से चुनावी शंखनाद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश का हक छीना है, जबकि इसे भाजपा ने दिलाया है। उन्होंने विशेष श्रेणी का दर्जा दिलाने से लेकर अटल टनल, कोल डैम, एम्स जैसी कई योजनाओं को प्रदेश के लिए भाजपा की देन बताया। नड्डा चार राज्यों में पार्टी को मिली चुनावी जीत के बाद शनिवार को अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में पहुंचे। राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला के परिसर में उनके लिए प्रदेश भाजपा ने अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया था।
इस मौके पर नड्डा ने कहा कि चाहे 10वां या 11वां वित्त आयोग हो या विशेष श्रेणी का दर्जा, यूपीए की तत्कालीन मनमोहन सरकार तो केंद्रीय योजनाओं में हिमाचल के बजट व्यय की हिस्सेदारी आधी करने जा रही थी। इसके लिए पंजाब और हरियाणा का उदाहरण दिया, जहां कांग्रेस साफ हो चुकी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने हिमाचल का विशेष श्रेणी का दर्जा बरकरार रखा। नड्डा ने कहा, हमारे सामने खडे़ लोगों के पास न ताकत है, न नीति, न नियम और न कोई कार्यक्रम। इसलिए भाजपा हिमाचल में दोबारा सरकार बनाएगी।
नड्डा ने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य के लिए किसने सोचा था कि इसे एम्स मिलेगा।
वर्ष 2022 में सरकार एम्स जनता को समर्पित कर देगी। वैक्सीनेशन में प्रथम आने, जल जीवन मिशन में 8 लाख 40 हजार लोगों को पेयजल कनेक्शन देने, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना में 10,200 लोगों को रोजगार देने, सड़क निर्माण का रिकॉर्ड बनाने जैसे काम बड़े हैं। दोबारा से सरकार बनाने के लिए भाजपा अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखेगी। दूसरी पार्टी भाई को भाई से लड़ा रही है। क्षेत्र में लोगों को बांट रही है। सत्ता में होने पर ये लोग चुनाव के वक्त ही चूना लगाते थे। उनसे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
जयराम शरीफ आदमी, इतना अच्छा काम किया, इसे जनता के बीच पहुंचाएं, खुद और अनुराग को वकील बताया
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व के साढे़ चार साल के कार्यकाल को सफल बताते हुए नड्डा ने कहा कि जयराम शरीफ आदमी हैं। वह अपनी बात कम बोलते हैं पर काम ज्यादा करते हैं। उन्होंने कहा कि वह और अनुराग ठाकुर दोनोें जयराम ठाकुर के वकील बनकर भारत सरकार में खडे़ हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी लोग आत्मसंतुष्टि में रहते हैं, यह अच्छी बात है, मगर जो विकास कार्य किए जा रहे हैं, उसे लोगों तक पहुंचाने में कंजूसी नहीं होनी चाहिए। जयराम ने इतना अच्छा काम किया है, लोगों तक यह जानकारी पहुंचानी होगी।
नई पार्टी खो रही आपा, यूपी, उत्तराखंड में जमानत जब्त, हमारे सामने खड़े लोगों के पास ताकत नहीं
आम आदमी पार्टी का नाम लिए बगैर नड्डा ने कहा कि नई पार्टी आई है जो आपा खो देेती है। यूपी में 377 सीटों पर इसकी जमानत जब्त हुई। उत्तराखंड में 70 में से 68 सीटों पर जमानत जब्त हुई।
रात को सोएंगे नहीं, सरकार बनाने का काम फिर पूरा करेंगे: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि रात को सोएंगे नहीं, अब सरकार को फिर से बनाने का काम पूरा करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में इसमें सफल होंगे। उन्होंने चार राज्यों में भाजपा की जीत पर नड्डा का अभिनंदन करते हुए कहा, हिमाचल प्रदेश तो आपका अपना है। यहां तो भाजपा सरकार बनेगी ही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। विपक्ष के लोग काफी उछलकूद कर रहे थे। वे कह रहे थे, हम आ रहे हैं। वे पांच राज्यों में आने की बात कर रहे थे। जब वोट की गिनती हुई, तो सामने बैठे मित्रों को विधानसभा में नमस्कार किया। इस पर वे जमीन ताकने लगे। चार राज्यों में जीत के बाद यह साफ है कि भाजपा की सरकारें बन रही हैं। नड्डा के नेतृत्व में चार राज्यों की जीत संभव हुई है। उनके अभिनंदन का यह अच्छा मौका मिला है। प्रदेश छोटा है, पर इसका जिम्मा बड़ा है। यहां से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ऐसे प्रधाममंत्री हैं, जो अटल बिहारी वाजपेयी के बाद हिमाचल को अपना घर मानते हैं। कोविड से आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है पर केंद्र से अच्छी आर्थिक मदद मिल रही है। विशेष सहायता के रूप में राज्य को 800 करोड़ रुपये मिले हैं।
नड्डा को रात को फोन किया: अनुराग
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को शिमला में मंच से जताया कि आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और अन्य नेताओं को उन्होंने शुक्रवार रात 12:00 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मिलवाया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने रात 11:40 बजे नड्डा से फोन पर बात की। उन्होंने मिलने का वक्त दिया। लिहाजा, वे आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं को लेकर नड्डा के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को संतोष हुआ कि वे रात 12:00 बजे भी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के लोगों से मिल सकते हैं। साढे़ चार वर्षों में जयराम सरकार ने जो काम किए हैं, उन्हें जनता के बीच ले जाना है। चार राज्यों में भाजपा ने चौका लगाया है, अब छक्का लगेगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा फिर से जीतेगी।
कश्यप बोले, निगम और विधानसभा चुनाव के लिए सब एकजुट
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चल रही है। शिमला नगर निगम चुनाव और विधानसभा चुनाव के लिए सब एकजुट हैं। वे आश्वस्त करते हैं कि निगम चुनाव में भाजपा की जीत होगी। उसके बाद विधानसभा चुनाव में भी भाजपा मिशन रिपीट के लिए काम करेगी।