ट्रैक्टर की ट्रॉली में सवार होकर जाते दिखे लोग
- फोटो : इंस्टाग्राम @theindianbreakdown
आजकल दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की हालत खराब कर दी है। गुड़गांव से लेकर दिल्ली तक सड़कों पर इतना पानी भर गया है कि कहीं-कहीं तो रोड और नदियों में फर्क करना मुश्किल हो गया है। घुटनों से भी ऊपर तक पानी जमा हो गया है। ऐसे में लोगों को ट्रैवल करने में बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बात ही छोड़ दें, लोग अपनी गाड़ियों से भी निकलने में परेशान हैं। कार, बाइक या स्कूटी से जाना तो नामुमकिन सा हो गया है क्योंकि सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी हैं। मेट्रो से सफर करने वालों की भी हालत खराब है। मेट्रो स्टेशन के बाहर निकलते ही लोग देखते हैं कि सड़कें दरिया जैसी बनी हुई हैं। पानी इतना ज्यादा है कि वहां से आगे बढ़ना ही मुश्किल हो जाता है। समस्या सिर्फ पानी तक ही नहीं है, बल्कि वहां पर रिक्शा, ऑटो या कैब जैसी सुविधाएं भी मिलना नामुमकिन हो गई हैं। रैपिडो जैसी बाइक सर्विस भी उन इलाकों में काम नहीं कर रही है। ऐसे में लोगों को स्टेशन से निकलकर अपनी मंजिल तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं लग रहा।
स्टेशन तक पहुंचाने के लिए आई ट्रैक्टर
इसी बीच सोशल मीडिया पर दिल्ली के शिव विहार मेट्रो स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि मेट्रो के बाहर सड़कें काफी दूर तक पानी से भरी हुई हैं। लोग स्टेशन से निकलने के बाद फंसे हुए नजर आते हैं। वहां बैटरी रिक्शा या ऑटो भी नहीं पहुंच पा रहे। इसी मौके का फायदा उठाया ट्रैक्टर वालों ने। उन्होंने सोचा कि जब कोई साधन उपलब्ध नहीं है तो क्यों न ट्रैक्टर से लोगों को सुविधा दी जाए। उन्होंने मेट्रो स्टेशन के बाहर लाइन से ट्रैक्टर खड़े कर दिए। ट्रैक्टर की ट्रॉली में लोगों को बैठाकर पिकअप और ड्रॉप की सर्विस देने लगे। सिर्फ 10 रुपये लेकर लोग ट्रैक्टर में सफर करने लगे। यह सफर बहुत लंबा नहीं था, बल्कि कुछ सौ मीटर का ही था, लेकिन चूंकि सड़कें पानी में डूबी थीं इसलिए लोग मजबूरी में ट्रैक्टर से ही सफर करने लगे।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
इस नजारे का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, लोगों ने खूब मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। वीडियो को इंस्टाग्राम पर @theindianbreakdown नाम के पेज से शेयर किया गया है। अब तक इसे 3 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है और करीब 97 हजार लोगों ने इसे लाइक भी किया है। वीडियो देखकर कई लोगों ने मजाक भी किया। किसी ने कहा कि यह तो "मौके पर चौका" वाला पल है। किसी ने राजधानी दिल्ली की हालत पर तंज कसते हुए लिखा, "बताओ राजधानी का ये हाल है।" एक यूजर ने लिखा, "आपदा को अवसर में बदलना कोई इनसे सीखे।" वहीं किसी और ने मजे लेते हुए कहा, "अब मत बोलना रोजगार नहीं मिलता।" यहां तक कि किसी ने तो मजाक करते हुए कहा, "स्क्रॉल करते-करते कॉलोनी में आ गया।"