एक ही मंडप में करा दी सारे बच्चों की शादी
- फोटो : एक्स
शादी का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियोज की बाढ़ सी आ जाती है। इंस्टाग्राम पर हम शादी के इमोशनल से लेकर कॉमेडी तक के वीडियोज को काफी एंजॉय करते हैं। आज के इस दौर में कुछ भी छुपा पाना असंभव है, ऐसे में जब भी कोई बड़ी खबर सामने आती है तो वह तेजी से वायरल भी होती है। बढ़ती महंगाई के इस दौर में शादी जैसे बड़े आयोजनों का खर्च आम परिवारों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। खासकर तब, जब परिवार में दो या दो से ज्यादा बच्चों की शादी करनी हो। इसी समस्या का आसान समाधान ढूंढ निकाला हरियाणा के हिसार जिले के दो किसान भाइयों ने, जिन्होंने एक साथ अपने छह बच्चों की शादी कर एक मिसाल पेश की। आइए जानते हैं कि मामला क्या है।
पिता ने मंडप में कराई अपने सारे बेटे-बेटियों की शादी
हाल ही में, राजेश पुनिया और अमर सिंह पुनिया नाम के इन दोनों भाइयों ने मिलकर एक ही स्थान पर छह अलग-अलग मंडपों में अपने बेटे और बेटियों की शादी करवाई। यह आयोजन दो दिनों तक चला और 18 अप्रैल को दोनों बेटों की शादी हुई और 19 अप्रैल को चार बेटियों ने विवाह बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की। इससे बच्चे और परिवार वाले दोनों ही बहुत खुश है। हालांकि, दोनों भाइयों के इस कदम को हर तरफ खूब सराहना मिल रही है।
एक ही कार्ड में छपवाएं सबके नाम
इस आयोजन की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि छह शादियों के लिए केवल एक ही शादी का कार्ड छपवाया गया, जिससे न सिर्फ व्यवस्था आसान हो गई बल्कि खर्च में भी भारी कमी आई। राजेश पुनिया ने कहा, "हम दोनों भाइयों ने जीवन भर एक साथ रहकर खेती की, और अब हमारे बच्चे भी साथ-साथ जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं।"
बच्चों की शादी को बना दिया बजट फ्रेंडली
पुनिया परिवार का यह निर्णय केवल गांव में ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी सुर्खियों में आ गया। आयोजन की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे एक बेहतरीन बजट-फ्रेंडली आइडिया बताया। अमर सिंह पुनिया ने बताया, “अगर ये सभी शादियां अलग-अलग की जातीं तो न केवल खर्च बहुत अधिक होता बल्कि मेहनत भी कई गुना ज्यादा करनी पड़ती। एक साथ समारोह करने से सभी मेहमान भी एक ही बार में शामिल हो सके और हम सबको खुशी भी दोगुनी हुई।” इस विवाह समारोह में काफी सारे मेहमान शामिल हुए और प्रसन्न भी हुए। कुछ लोगों ने इसे परंपरा के साथ आधुनिक सोच बताया।