कई बार सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियोज वायरल हो रहते हैं, जो दिल दहला देते हैं। अब हाल ही में, थाईलैंड के फुकेट स्थित मशहूर टाइगर किंगडम से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में एक भारतीय सैलानी बाघ के साथ टहलता और फिर उसके साथ तस्वीर खिंचवाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। लेकिन जैसे ही वह बाघ के बेहद करीब बैठकर सेल्फी लेने की कोशिश करता है, बाघ अचानक उस पर झपट पड़ता है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि बाघ के आगे-आगे उसका केयरटेकर चल रहा होता है और पीछे-पीछे भारतीय पर्यटक उसे फॉलो करता है। शुरुआत में सब कुछ नॉर्मल लगता है। लेकिन जैसे ही सैलानी का डर खत्म होता है, वह बाघ को छूने लगता है और उसके बिल्कुल पास बैठकर फोटो लेने की कोशिश करता है। तभी बाघ का व्यवहार अचानक बदलता है और वह हमलावर हो जाता है। बाघ की यह हरकत कैमरे में कैद हो जाती है।
अचानक से बाघ ने किया हमला
खबर के मुताबिक, यह घटना तब घटी जब भारतीय पर्यटक जंजीर से बंधे बाघ के पास खड़ा होकर सेल्फी लेने लगा। उसने बाघ की पीठ पर हाथ फेरा और फोटो क्लिक करने के लिए बैठ गया। पास ही मौजूद ट्रेनर उसे काबू में रखने के लिए छड़ी का इस्तेमाल करता है, लेकिन बाघ गुस्से में आकर पर्यटक पर झपटता है और उसे गिरा देता है। हालांकि, ट्रेनर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाघ को काबू में कर लिया और इस दौरान पर्यटक को केवल हल्की चोटें आईं।
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
सिद्धार्थ शुक्ला नामक एक यूजर ने इस घटना का 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है, जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं। वीडियो पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, “शायद बाघ बार-बार छूने से परेशान हो गया था। इस तरह के स्थानों पर सतर्कता जरूरी है।” वहीं, कई लोगों ने टाइगर पार्कों में बाघों के साथ होने वाले व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। किसी ने लिखा, “ऐसे पार्कों में बाघों को अक्सर दवाएं देकर शांत रखा जाता है, जिससे उनका स्वाभाविक स्वभाव दब जाता है।” इस वीडियो को लोग तेजी से अपने स्टोरी पर शेयर कर रहे हैं।