शादी के बाद बेटी की विदाई का लम्हा हर परिवार के लिए बेहद भावुक होता है क्योंकि यह वह समय होता है जब बेटी अपने मायके को अलविदा कहकर ससुराल के नए सफर पर निकलती है। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने विदाई के इस भावुक पल को हंसी-ठिठोली में बदल दिया है। वीडियो देखकर लोग चौंक गए और पूछने लगे कि यह सच में विदाई है या फिर कोई जबरन किडनैपिंग का सीन? तो आज की इस खबर में हम आपको एक ऐसे ही वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
आमतौर पर दुल्हन विदाई के समय अपने परिवार से गले मिलते हुए रोती है और भारी दिल से घर छोड़ती है, लेकिन इस वायरल वीडियो में दुल्हन का व्यवहार एकदम अलग ही नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि दुल्हन ससुराल जाने के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं है और वह घर के बाहर जाते समय फूट-फूटकर रोते हुए बार-बार कह रही है, “हम नहीं जाएंगे।” उसकी आवाज और उसकी जिद देखकर ऐसा लग रहा है जैसे किसी छोटे बच्चे को जबरदस्ती स्कूल भेजा जा रहा हो और वह जिद पकड़ लेता है कि स्कूल नहीं जाएगा।
विदाई का सीन बना मजेदार
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि जब दुल्हन की जिद और रोना बढ़ता जाता है, तब घर की कुछ महिलाएं आपस में इशारा करती हैं और फिर दो लोग आते हैं। वे दुल्हन को गोद में उठाकर उसे सीधे कार में बैठा देते हैं, जबकि वह अब भी जोर-जोर से रोते हुए हम नहीं जाएंगे की रट लगाए रहती है। यह पूरा सीन इतना मजेदार है कि इसे देखने के बाद लोग पहले तो हैरान रह गए और फिर अपनी हंसी नहीं रोक पाए। आमतौर पर विदाई का माहौल गंभीर और इमोशनल होता है, लेकिन इस वीडियो में विदाई के पल ने लोगों का खूब मनोरंजन कर दिया।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @prajapati.singar नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। यूजर ने कैप्शन में लिखा है, “विदाई का टाइम।” खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 1 लाख 11 हजार से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं, और कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने अपने मजेदार रिएक्शन दिए हैं। किसी ने इस सीन को फिल्मी अपहरण से तुलना की तो किसी ने कहा कि यह देखकर समझ ही नहीं आ रहा कि हंसे या रोएं। एक यूजर ने कमेंट किया, “ये विदाई है या किडनैपिंग का लाइव वीडियो?” एक और यूजर ने लिखा, “हंस भी रहा हूं और दुख भी हो रहा है।” वहीं, एक यूजर ने मजेदार तुलना करते हुए कहा, “ऐसा लग रहा है जैसे बच्चा पहले दिन स्कूल जाने से पहले डरकर रो रहा हो और कह रहा हो, हम नहीं जाएंगे।” सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और विदाई के इमोशनल माहौल को मजाकिया बना दिया।