इंडोनेशिया के मशहूर कंटेंट क्रिएटर सहाबात आलम का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सहाबात को एक बेहद खतरनाक और जहरीले स्पिटिंग कोबरा के साथ खेलते हुए देखा जा सकता है। शुरू में सब कुछ ठीक लगता है, लेकिन अचानक ऐसा कुछ होता है जिसे देखकर लोगों की सांसें थम जाती हैं। वीडियो में कोबरा अचानक उनके चेहरे की तरफ जहर फेंक देता है, जो सीधा सहाबात की आंखों में चला जाता है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वायरल वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में सहाबात ने काला चश्मा पहन रखा था और वह कोबरा को हाथ में लेकर उसे घूरते हुए मस्ती कर रहे थे। वह बिल्कुल बेफिक्र नजर आ रहे थे, मानो उन्हें कोई डर ही नहीं था। लेकिन तभी कोबरा ने अपनी खासियत का इस्तेमाल करते हुए तेजी से जहर उनकी आंखों पर फेंक दिया। जैसे ही जहर आंखों में पड़ा, सहाबात के चेहरे पर तेज दर्द और जलन साफ दिखाई देने लगी। वह घबराकर तुरंत पीछे हट गए और अपनी आंखें मलने लगे। यह सब कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और वीडियो यहीं खत्म हो जाता है। इस खतरनाक घटना को देखकर लोग दंग रह गए।
खतरनाक वीडियोज बनाने के लिए मशहूर है सहाबात
यह छोटा सा वीडियो इंस्टाग्राम पर @sahabatalamreal नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था। पोस्ट होते ही यह वायरल हो गया और खबर लिखे जाने तक इसे 80 हजार से ज्यादा लोग लाइक कर चुके थे। लोग इस वीडियो पर अपनी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग सहाबात को पागल कह रहे हैं, तो कुछ उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। अच्छी बात यह है कि सहाबात पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल देखकर पता चलता है कि वह इस तरह के खतरनाक वीडियोज बनाकर ही मशहूर हुए हैं और अक्सर इस तरह के जोखिम भरे काम करते रहते हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, “इस वीडियो को देखकर मेरी रूह कांप गई।” एक और यूजर ने लिखा, “भाई, जिंदगी इतनी सस्ती नहीं है, मौत से क्यों खेल रहे हो?” किसी ने पूछा, “ये इंसान बचा भी है या नहीं?” वहीं एक अन्य ने लिखा, “अब तो सारी बहादुरी हवा हो गई।” यह वीडियो एक बार फिर सोचने पर मजबूर करता है कि क्या सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए इतनी खतरनाक हरकतें करना सही है? सहाबात जैसे कंटेंट क्रिएटर्स के लिए यह उनका पेशा है, लेकिन इस तरह के स्टंट कभी-कभी जानलेवा भी हो सकते हैं।