प्रकृति की सुंदरता के बीच अपने प्यार का इजहार करना लगभग हर कपल का ख्वाब होता है। हर कोई चाहता है कि उसके जीवन का सबसे खास लम्हा किसी खूबसूरत जगह पर यादगार बने। मगर कई बार यह ख्वाहिश खतरनाक मोड़ ले लेती है और सपनों को चकनाचूर कर देती है। हाल ही में एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज करने के लिए एक झरने के बीच गया, लेकिन उसकी यह रोमांटिक कोशिश दर्दनाक हादसे में बदल गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देख हर कोई सन्न है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक झरने के पास एक चट्टान के किनारे खड़ा है। उसके साथ उसकी प्रेमिका भी है। तभी युवक अपने घुटनों के बल बैठकर लड़की को प्रपोज करने की कोशिश करता है। मगर जैसे ही वह घुटने टेकता है, उसका पैर फिसल जाता है और वह अचानक तेज धार वाले झरने में गिर जाता है। गिरते ही युवक पानी के तेज बहाव में बहने लगता है और देखते ही देखते वह नजरों से ओझल हो जाता है। वहीं उसकी प्रेमिका, जो कुछ ही कदम दूर खड़ी थी, पूरी तरह से हैरान रह जाती है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं कर पाती और सिर्फ खामोशी से अपने बॉयफ्रेंड को बहते हुए देखती रह जाती है।
दो वर्गों में बंटा सोशल मीडिया
यह दिल दहला देने वाला वीडियो @MarchUnofficial नामक एक्स हैंडल से शेयर किया गया है, और इसे कई लोगों ने री-ट्वीट किया है। हालांकि वीडियो में यह जानकारी नहीं दी गई कि यह हादसा कहां हुआ। बावजूद इसके इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कई यूजर्स ने इस घटना को कलयुगी मोहब्बत बताया है, जबकि कुछ लोगों ने लड़की के कुछ न करने पर सवाल उठाए हैं। कुछ लोग यह मान रहे हैं कि लड़की के पास मौके पर कुछ भी करने का समय ही नहीं था तो कुछ ने कहा कि इतनी खतरनाक जगह पर रोमांस करने का ख्याल ही गलत था।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, “प्यार में पागलपन इंसान को ऐसी खतरनाक जगहों पर ले जाता है, लेकिन ऐसी जगहों पर हमेशा सावधानी बरतना चाहिए। रोमांस के चक्कर में जान गंवाने का कोई मतलब नहीं।” एक और यूजर ने कहा, “यह रोमांच नहीं, मूर्खता है। प्रपोज करने के लिए जान जोखिम में डालने की क्या जरूरत?”