सोशल मीडिया का क्रेज आजकल युवाओं में खूब देखने को मिल रहा है। खासकर इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने का जुनून लगातार बढ़ रहा है। कहीं बाइक पर स्टंट करके तो कहीं पहाड़ों और झरनों जैसी सुंदर जगहों पर पोज देकर वीडियो शूट करते हुए युवा अक्सर नजर आते हैं। शुरुआत में यह सिर्फ शौक या मनोरंजन लगता है, लेकिन कई बार यही शौक खतरनाक हादसों की वजह बन जाता है। तो आज की इस खबर में हम भी आपको एक ऐसे ही वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इसी तरह का एक मामला उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से सामने आया है, जिसने सभी को चौंका दिया। जानकारी के मुताबिक, कांगड़ी इलाके का रहने वाला एक युवक रवासन नदी के झरने पर गया था। वहां वह इंस्टाग्राम पर डालने के लिए रील बना रहा था। वीडियो में दिखाई देता है कि युवक वाटरफॉल के ठीक नीचे खड़ा होकर कैमरे की तरफ पोज दे रहा था। लेकिन अचानक पानी का तेज बहाव आया और कुछ ही सेकंड में वह उसमें बह गया। यह सब इतना तेजी से हुआ कि वहां मौजूद लोग कुछ कर ही नहीं पाए।
रील बनाते हुए बह गया युवक
हादसे की खबर फैलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा। तुरंत गोताखोरों की टीम को बुलाया गया और युवक की तलाश शुरू की गई। लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार के लोग भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे प्लेटफॉर्म X पर @askbhupi नामक हैंडल से शेयर किया गया। वीडियो देखने के बाद लोग हैरान और दुखी दोनों नजर आ रहे हैं। किसी ने इसे रील्स के खतरनाक जुनून का नतीजा बताया, तो किसी ने लिखा कि कुछ सेकंड की वीडियो और कुछ लाइक्स के लिए अपनी जान गंवाना बेहद बड़ी गलती है।
लाइक्स के चक्कर में पड़ी है आज की पीढ़ी?
सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आज की युवा पीढ़ी लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए किसी भी हद तक जा रही है। रील्स और वायरल वीडियो की चाहत में कई बार वे ऐसी जगहों पर वीडियो शूट करते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकती हैं। बाइक पर खतरनाक स्टंट करना, नदी-झरनों में खड़े होकर वीडियो बनाना या ऊंची पहाड़ियों के किनारे पोज देना, ये सब जोखिम भरे कदम हैं। आखिरकार, सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज कुछ समय की खुशी दे सकते हैं, लेकिन जिंदगी खो देने के बाद उसका कोई मतलब नहीं रह जाता।