दिवाली के मौके पर कंपनियों की तरफ से कर्मचारियों को बोनस और उपहार देना आम बात है, लेकिन राजस्थान के बीकानेर के रहने वाले और सूरत में कपड़ों का कारोबार करने वाले एक उद्योगपति ने इस बार ऐसा दिल जीतने वाला काम किया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। उद्योगपति रामस्वरूप मूंड ने अपने कर्मचारियों को दिवाली पर ऐसा तोहफा दिया, जिसे वे शायद जिंदगीभर नहीं भूल पाएंगे।
रामस्वरूप मूंड ने अपने 50 कर्मचारियों में से प्रत्येक को 1 लाख नकद और खास उपहार दिया है और उनकी दिवाली की खुशियां दोगुनी कर दीं। उनके इस दरियादिली भरे कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि दौलत कमाने वाले तो बहुत मिल जाएंगे, लेकिन अपनी मेहनत की कमाई से दूसरों के घर रोशन करने वाले लोग बहुत कम होते हैं।
'क्यों दिवाली की खुशियां सिर्फ मेरे घर तक सीमित रहें'
रामस्वरूप मूंड के इस शानदार तोहफे के पीछे उनकी सोच भी लोगों का दिल जीत रही है। वायरल वीडियो में उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को दिया गया यह पैसा कोई दिखावा या प्रचार का तरीका नहीं है, बल्कि उनके प्रति सम्मान और अपनापन जताने की एक छोटी-सी कोशिश है।
उनका मानना है कि जब कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके कारोबार को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देते हैं, तो त्योहार की खुशियों में उनका भी बराबर का हिस्सा होना चाहिए। आखिर दिवाली की रोशनी और खुशियां सिर्फ मालिक के घर में ही क्यों हों, कर्मचारियों के घरों में भी खुशियों के दीप जलने चाहिए।
दिवाली 2026: क्यों भारत की इन जगहों पर नहीं मनाई जाती है दिवाली? वजह जानकर नहीं होगा यकीन
सफलता का श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हैं
रामस्वरूप मूंड ने बेहद सादगी से अपनी बात रखी और कहा कि उनके घर में पैसों के ढेर नहीं लगे हैं और न ही उनके पास बांटने के लिए कोई खजाना है। यह सब उनकी मेहनत, सोच और इंसानियत का हिस्सा है।
वह अपनी कारोबारी सफलता का श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हैं। उनका मानना है कि इंसान को सिर्फ अपने लिए नहीं जीना चाहिए, बल्कि उन लोगों की खुशियों का भी ध्यान रखना चाहिए, जो उसकी सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं।
अंतरिक्ष से धरती पर दिखी कुदरत की आतिशबाजी, शुभांशु शुक्ला ने दिवाली पर शेयर किया अद्भुत वीडियो
तोहफा पाकर भावुक हुए कर्मचारी
जब कोई मालिक अपने कर्मचारियों को सिर्फ काम करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य समझता है, तो उसके प्रति सम्मान और भरोसा अपने आप बढ़ जाता है। रामस्वरूप मूंड के इस कदम से उनके कर्मचारी भी बेहद भावुक दिखे। वायरल वीडियो में एक महिला कर्मचारी भावुक दिख रही है।
खास बात यह है कि रामस्वरूप मूंड ने बीते साल भी धनतेरस के मौके पर अपने कर्मचारियों को नकद राशि देकर खुशियां बांटी थीं। उस समय भी उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था और लोगों ने उनकी जमकर सराहना की थी। इस बार उन्होंने अपने कर्मचारियों को 1 लाख नकद और खास उपहार देकर एक बार फिर साबित कर दिया कि असली अमीरी सिर्फ बैंक बैलेंस में नहीं, बल्कि दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने की क्षमता में होती है।