जलवायु परिवर्तन की वजह से दुनिया में प्राकृतिक तौर पर कई परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। इससे सिर्फ इंसान ही प्रभावित नहीं है, बल्कि समुद्र के भीतर बसी एक बेहद खूबसूरत दुनिया भी इसकी मार झेल रही है। जलवायु परिवर्तन के कारण समु्द्र का तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे दुनिया की कोरल रीफ तेजी से सफेद पड़ती जा रही हैं और दम तोड़ रही हैं। ग्रेट बैरियर रीफ से लेकर फ्लोरिडा तक प्रवाल भित्तियां गंभीर संकट में हैं। अच्छी बात यह है कि वैज्ञानिकों ने इन्हें बचाने के लिए तरीका खोज लिया है, जिसके बारे में जानकर पहली बार में शायद आपको यकीन न हो। वैज्ञानिक कोरल रीफ को बचाने के लिए समुद्र के अंदर छाता लगाएंगे।
पानी के नीचे लगेगा छाता
फ्लोरिडा के वैज्ञानिकों ने संवेदनशील कोरल रीफ को तेज धूप और गर्मी से अस्थायी राहत देने के लिए विशेष छाया संरचनाएं बनाई हैं। इन्हें समुद्र के भीतर कोरल के ठीक ऊपर लगाया है, ताकि सूरज की तेज रोशनी सीधे प्रवाल तक न पहुंच पाए। वैज्ञानिकों की बनाई इन संरचनाओं ने कोरल तक पहुंचने वाली रोशनी को लगभग 60 फीसदी तक कम कर दिया। इसके साथ ही हानिकारक अल्ट्रावायलेट किरणों का प्रभाव भी कम हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि छाया में रखे कुछ कोरल ने अपना खोया रंग तक वापस पाना शुरू कर दिया, तो वहीं खुले में छोड़ी गई कई कॉलोनियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।