RPF वाले ने की ट्रेन से ढकेलने की कोशिश
- फोटो : एक्स@sanjayjourno
ट्रेन में यात्रियों और स्टाफ के बीच झगड़े की खबरें और वीडियो आपने पहले भी देखे होंगे। कई बार पैसेंजर्स आपस में भिड़ जाते हैं या पैंट्री बॉय से कहासुनी हो जाती है। लेकिन इस बार जो वीडियो सामने आया है, उसने सभी को चौंका दिया। वजह यह है कि इसमें एक पुलिसकर्मी ही यात्रियों के साथ गलत बर्ताव करता दिखाई दे रहा है। तो आज की इस खबर में हम भी आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह मामला दिल्ली के सराय रोहिल्ला जंक्शन से जोधपुर जंक्शन के बीच चलने वाली ट्रेन है। ट्रेन के एसी कोच के पास यह घटना हुई। एक शख्स बिना टिकट यात्रा कर रहा था और पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद जो हुआ, वह किसी ने सोचा भी नहीं था। पुलिस वाले ने उस यात्री को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया और यहां तक कि उसे चलती ट्रेन से बाहर धकेलने की कोशिश करने लगा।
पुलिस वाले ने की धकेलने की कोशिश
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद एक बाकी यात्री ने अपने मोबाइल से बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, लोगों ने पुलिसकर्मी की इस हरकत की कड़ी आलोचना शुरू कर दी। वीडियो करीब 40 सेकंड का है और इसमें साफ दिख रहा है कि एक युवक बैग लेकर कोच के पास खड़ा है। पुलिसकर्मी बार-बार उसे धक्का दे रहा है और बाहर फेंकने की कोशिश कर रहा है। युवक खुद को अंदर बनाए रखने के लिए संघर्ष करता है। इसी बीच एक और यात्री बाहर आकर पुलिसवाले से कुछ कहता है। पुलिसकर्मी पलटकर उससे कहता है, “तुम अंदर जाओ।” अंत तक एक अन्य यात्री बीच-बचाव करता है और बड़ी घटना होने से टल जाती है।
लोगों ने की आलोचना
पत्रकार @sanjayjourno ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा,“अगर लड़का बिना टिकट सफर कर रहा था तो जुर्माना लगा दो या फिर अगले स्टेशन पर उतार दो। चाहो तो रिश्वत लेकर मामला खत्म करो। लेकिन चलती ट्रेन से फेंकना कौन-सा नियम है? क्या वर्दी पहन लेने से कोई भगवान बन जाता है?” इस पोस्ट को 25 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं और इसे हजार से ज्यादा लाइक्स भी मिल चुके हैं। सैकड़ों यूजर्स ने इस पर गुस्से भरी प्रतिक्रियाएं दी हैं। रेलवे की तरफ से भी इस मामले पर कार्रवाई की गई है। @RailwaySeva ने कमेंट सेक्शन में RPF दिल्ली का ट्वीट शेयर किया, जिसमें बताया गया कि वीडियो में दिख रहा कांस्टेबल दया बस्ती की रिजर्व लाइन में तैनात है। इस घटना की जांच मंडल स्तर पर शुरू हो गई है।