कहते हैं जानवर बोल नहीं सकते, लेकिन उनके अंदर भी इंसानों जैसी समझ और भावनाएं होती हैं। हाल ही में चीन से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जो इस बात को बिल्कुल सच साबित करता है। इस वीडियो में एक पालतू बिल्ली ने समय रहते खतरे को भांप लिया और अपनी मालकिन को एक बड़े हादसे से बचा लिया। ये पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तो आज की इस खबर में हम आपको इस वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक महिला अपने लिविंग रूम में आराम से सोफे पर बैठी है और मोबाइल चला रही है। उसके पास उसकी तीन पालतू बिल्लियां भी हैं। तभी अचानक एक बिल्ली को कुछ अजीब महसूस होता है। वह सतर्क हो जाती है और इधर-उधर देखने लगती है। थोड़ी ही देर में बाकी दोनों बिल्लियां भी बेचैन हो जाती हैं और कमरे में इधर-उधर दौड़ने लगती हैं।
बिल्ली के बदौलत बची महिला की जान
बिल्लियों का यह व्यवहार देखकर महिला का ध्यान मोबाइल से हटता है और वह चौकन्नी हो जाती है। वह जल्दी से खड़ी हो जाती है और जैसे ही वह अपनी जगह से हटती है, ठीक उसी समय टीवी यूनिट के पीछे की दीवार से एक भारी टाइल गिर जाती है। वह टाइल ठीक उसी जगह गिरती है जहां महिला कुछ सेकंड पहले बैठी थी। अगर महिला कुछ पल और वहीं बैठी रहती तो उसे गंभीर चोट लग सकती थी या जान को भी खतरा हो सकता था।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो को इंस्टाग्राम के एक पेज phoenixtv_news पर शेयर किया गया है। इस वीडियो को देखकर लोग बिल्लियों की समझदारी की खूब तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “बिल्लियों को खतरा पहले ही महसूस हो जाता है।” दूसरे ने कहा, “ये सिर्फ पालतू जानवर नहीं हैं, ये हमारी जिंदगी के सच्चे रक्षक हैं।” यह वीडियो एक बहुत बड़ा संदेश देता है। लोग अक्सर जानवरों को सिर्फ खेलने या अकेलापन दूर करने का साधन समझते हैं। लेकिन यह घटना दिखाती है कि अगर हम अपने पालतू जानवरों को ध्यान से समझें, तो वो हमारी मदद भी कर सकते हैं। कई बार जानवर इंसानों से पहले खतरे को पहचान लेते हैं और हमें बचा लेते हैं।